नए क्षेत्रों में बनेंगी सड़कें, सीवर का काम भी होगा
- शासन ने 93.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए, 23.31 करोड़ मिले
- तीन चरणों में कराया जाएगा काम, तैयारियां पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। नगर निगम में शामिल नए क्षेत्रों में सबसे पहले सड़क और सीवर का काम कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने 93.24 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। पहली किस्त के तौर 23.31 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए। सभी कार्य 15वें वित्त आयोग या फिर नगर निगम निधि से कराए जाने हैं।
वाराणसी नगर निगम में 100 वार्ड हैं। इसमें 75 वार्ड पुराने हैं। 25 नए बने हैं। पुराने वार्डों में सड़क, सीवर, पेयजल और पथ प्रकाश की समस्या है। बुनियादी सुविधाएं विकसित की जानी हैं। इसे देखते हुए ही शासन ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत बजट स्वीकृत किए हैं। नगर आयुक्त शिपू गिरि ने बताया कि सदन की बैठक में 550 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर मुहर लगी है। पुराने वार्डों में पांच-पांच करोड़ रुपये और नए वार्डों में दस-दस करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे।
नए जोन बनाने की कवायद तेज
नगर आयुक्त शिपू गिरि ने बुधवार को कार्यालय में बैठक करके नए जोन निर्माण की तैयारियों की समीक्षा भी की। नगर आयुक्त ने कहा कि ऋषि मांडवी, सारनाथ और रामनगर नए जोन बनाए गए हैं। नगर निगम सीमा में शामिल नए क्षेत्रों को जोनवार बांटकर काम कराए जाएंगे। इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।