हेरिटेज सिटी डेवलपमेंट एंड आग्मेंटेशन योजना (हृदय) के तहत बन रही घंटी मिल रोड का काम अधूरा छोड़ देने से परेशान नागरिक शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। क्षेत्रीय लोगों ने चंदुआ-छित्तूपुर मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। नागरिकों का कहना था कि छह महीने में सड़क मरम्मत का काम पूरा नहीं हो सका। गिट्टियां डालकर काम रोक दिया गया है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है।
डेढ़ किमी लंबी घंटी मिल रोड़ की मरम्मत का काम दिसंबर में शुरू हुआ था। सड़क बनाने के फेर में नगर निगम ने बिजली विभाग को अंडरग्राउंड केबिल बिछाने से रोक दिया था। छह महीने बीतने के बाद भी नगर निगम न तो सड़क बनवा पाया और न बिजली की केबिल बिछाने दिया। मौके पर पहुंचे सिगरा थाना प्रभारी ने लोगों समझा कर जाम खत्म कराया। प्रदर्शन में कृष्णा श्रीवास्तव, कुमार रमेश, कक्कू पाठक, शिव शंकर, गोपाल मौर्या, गुड्डू भारद्वाज, सोनू मोर्या, कैलाश सोनकर, बाबू सोनकर और राकेश सोनकर आदि शामिल थे।
डाफी स्थित ट्यूबवेल खराब हो जाने से दो दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से परेशान क्षेत्रीय नागरिक शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। नागरिकों ने डाफी ट्यूबवेल पर प्रदर्शन किया और तालाबंदी कर दी। बाद में जल निगम के अवर अभियंता के आश्वासन और शाम को आपूर्ति बहाल होने पर लोग शांत हुए। बुधवार शाम से अशोकपुरम, नैपुरा, सीर और बजरंग नगर कालोनी में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई थी।
डाफी के प्रधानपति अभिषेक पांडेय ने बताया कि अवर अभियंता दीपक पांडेय से मिलकर समस्या बताई गई लेकिन कोई निराकरण नहीं किया गया। प्रधानपति ने लंका थाने में तहरीर भी दी। वहीं, अवर अभियंता का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है। आश्वस्त किया गया था कि दो दिन बाद आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी और शुक्रवार की शाम पेयजल चालू कर दी गई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।