वाराणसी। नगर निगम की ओर से कॉलोनियों में साफ-सफाई, सीवर समस्या का निराकरण कराए जाने के दावे भले ही किए जा रहे हो लेकिन लोगों की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। इसकी बानगी मंडुवाडीह के तुलसीपुर में देखने को मिली। यहां सीवर लाइन चोक होने के साथ ही जगह-जगह सड़क पर कराई गई इंटरलाकिंग भी धंस गई है। बुधवार को नगर आयुक्त गौरांग राठी और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था को दुरुस्त कराया।
तुलसीपुर में पहुंचे नगर आयुक्त और कैंट विधायक ने देखा कि यहां सीवर समस्या है। पुरानी चोक पड़ी सीवर लाईन के मेनहोल की सफाई कराने के साथ ही सड़क में दबे सीवर मेंन होलो को ढूंढ कर सीवर लाइन को चालू कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा मेन रोड पर जा रही मेन सीवर लाइन जो मेन सड़क में दबी हैं उसकी सफाई कराने के साथ ही पुरानी सीवर लाइन को चालू कराने का भी अधिकारियों को निर्देश दिया। यहां खाली प्लाटों में पड़े कूड़ों की सफाई कराने के लिए प्लाट मलिक को भी नोटिस देने और क्षेत्र में जगह-जगह इंटरलॉकिंग धंसने की समस्या का मरम्मत कराए जाने का निर्देश अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता को दिया। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह, महाप्रबंधक जलकल राघवेंद्र कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।