वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ-रामेश्वर पंचक्रोशी मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार कार ने मैजिक वाहन में टक्कर मार दी। हादसे में मैजिक सवार एक अधेड़ की मौत हो गई तो वहीं चार अन्य घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात कुरसातो थाना जंसा निवासी मैजिक चालक महेश प्रसाद विश्वकर्मा अपने वाहन में धौरहरा से बैंड बाजा स्टाफ को लेकर आ रहा था। हरहुआ-पंचक्रोशी मार्ग पर दुनियापुर गांव के सामने अनियंत्रित कार ने मैजिक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मैजिक सवार भग्गन ( 52) निवासी गंगापुर थाना रोहनिया को गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने भग्गन को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य चार घायलों का उपचार जारी है। बड़ागांव पुलिस ने भग्गन के पुत्र के तहरीर पर कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस कार मालिक और चालक की तलाश कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, कार सवार सभी लोग नशे में धुत थे। ऐसा लग रहा था वे किसी शादी समारोह में जा रहे थे।