उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सोमवार की देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। डीसीएम और बाइक की आमने-सामने भिड़त में दो लोगों की मौत हो गई। घटना जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट चौक की है। देर रात डीसीएम से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों की मौके पर ही जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रौनापार थाना क्षेत्र के निबियहवा गांव निवासी राजू पुत्र पारस सोमवार को प्रदुम पुत्र प्रकाश निवासी पकड़ीहवा के साथ ननिहाल मऊ जिले के घोसी स्थित खिदिरपुरा गए थे। देर रात दोनों घर लौट रहे थे। रात लगभग 12 बजे लाटघाट चौक पर ही पहुंचे थे कि सामने से आ रहे डीसीएम से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। बाइक सवार दोनों लोग डीसीएम में घुस गए, जिससे कुछ दूरी तक दोनों डीसीएम में फंस कर घसीटते चले गए। हादसे में राजू और प्रदुम की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर से हुई तेज आवाज पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक राजू मां-बाप की इकलौती संतान था और उसके चार बच्चे बताए जा रहे हैं। वहीं प्रदुम दो भाईयों में बड़ा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। डीसीएम चालक मौके पर ही वाहन छोड़ कर फरार हो गया है।