एंबेसडर से घूमी थी काशी की गलियां
धार्मिक अनुष्ठान के अगले दिन ऋषि कपूर ने काशी घूमने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा था कि हमें कोई पहचान न पाए इसलिए सुरक्षा गार्ड नहीं रहेंगे। एक गाड़ी से हम लोग घूमेंगे। इसके लिए एक एंबेसडर गाड़ी का इंतजाम किया गया था। वे किसी साधारण व्यक्ति की तरह काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे थे। आचार्य अशोक द्विवेदी ने उनका रुद्राभिषेक कराया था।
गंगा के प्रति बहुत आस्था थी ऋषि के मन में
रंगकर्मी रति शंकर त्रिपाठी ने ऋषि कपूर से जुड़ी यादों को साझा करते हुए बताया कि यह सिनेमा जगत के लिए सदमे से कम नहीं है। गंगा को लेकर ऋषि कपूर की आस्था बहुत थी। 23 साल पहले जब ऋषि कपूर काशी आए थे, तभी से उनसे संबंध बन गए थे। कुछ समय पहले उनके बेटे रणबीर कपूर और आलिया भट्ट फिल्म ब्रह्मास्त्र की शूटिंग के लिए बनारस में आए थे। उस वक्त ऋषि लंदन में थे और अपना इलाज करा रहे थे।
रणवीर कपूर ने काशी विश्वनाथ दर्शन के बाद सड़क से काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र आदि को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ऋषि कपूर को दिखाया था। यह दृश्य देखकर ऋषि कपूर गदगद हो उठे थे। उन्होंने वहीं से बाबा को नमस्कार किया था। रणबीर श्रद्धा पूर्वक बाबा का प्रसाद यहां से लेकर गए थे।
ऋषि कपूर की फिल्म मुल्क की शूटिंग हुई थी वाराणसी में
फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर की फिल्म मुल्क की शूटिंग के लिए जब वाराणसी का चयन किया गया तो उन्होंने कहा था कि मेरे लिए यह सौभाग्य है कि मुझे काशी आने का मौका मिलेगा। मैंने इस शहर के बारे में बहुत सारी कहानियां सुन रखी हैं। हालांकि शूटिंग तो हुई लेकिन ऋषि कपूर काशी नहीं आ सके। बनारस दोबारा आने की उनकी आस अधूरी ही रह गई। अगस्त 2018 में रिलीज हुई फिल्म मुल्क में ऋषि कपूर ने बनारस के रहने वाले मुराद अली मोहम्मद की भूमिका निभाई थी। फिल्म की शूटिंग वाराणसी और लखनऊ में हुई थी।