स्व. नरेंद्र और सुरेंद्र भार्गव की स्मृति में अंडर-12 आयुवर्ग की टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता शनिवार शाम रमापुरा स्थित जयनारायण इंटर कॉलेज के मैदान में खेली गई। वाट्स स्पोर्ट्स और भार्गव भूषण टीम के बीच मैच हुआ। इसमें भार्गव के ऋषभ ने 200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर 22 गेंद पर 44 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। मैच जिताऊ प्रदर्शन करने पर वह मैन ऑफ द मैच बने। टॉस जीतकर वाट्स स्पोर्ट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 102 रन बनाए। इसमें अंकुर यादव ने सर्वाधिक 26 और नमन में 20 रन की पारी खेली। आरव ने तीन ओवर में 12 रन देकर एक विकेट और नायरा ने दो ओवर में 17 रन देकर एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भार्गव भूषण की टीम ने 16 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुख्य अतिथि शनी भार्गव ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मौके पर राकेश मलहोत्रा, एसबी सिंह, फैजल, राकेश प्रसाद, नासिर अली और कोमल मौजूद रहे।