रजत जीतकर लौटीं खुशी का सम्मान
मॉरीशस में आयोजित कराटे चैंपियनशिप में वाराणसी की खुशी सिंह ने रजत पदक जीता। पदक जीतकर लौटीं खिलाड़ी का सम्मान शनिवार को सामने घाट के बिजुरिया वीर कॉलोनी स्थित प्राचीन बाल हनुमान मंदिर में महंत सत्यम तिवारी ने किया। इस अवसर पर डॉ आशुतोष मिश्र, अभिषेक भट्टाचार्या माैजूद रहे।
कैंट स्टेशन में रवाना हुए वाराणसी के खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
यूपी के लिए आज ट्रायल देंगे काशी के 12 कुराश खिलाड़ी
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने के लिए यूपी कुराश एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों का चयन ट्रायल रविवार को गाजियाबाद में होगा। जिला कुराश एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र पाल ने बताया कि राष्ट्रीय शिविर के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल गाजियाबाद में आयोजित है। इसमें गत वर्ष के रजत पदक विजेता शिवकुमार समेत जिले के 12 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि बालिका वर्ग में दो जबकि बालक वर्ग में 10 खिलाड़ियों को यूपी एसोसिएशन की ओर से ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया है। इसमें चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय कुराश प्रतियोगिता में खेलेंगे। इसमें पुआरी कला अखाड़े के दो खिलाड़ी रितेश पटेल 65 किलो में और नितेश प्रजापति 60 किलो भारवर्ग के अंडर-17 आयुवर्ग में खेलेंगे। संजोई अखाड़े के आठ खिलाड़ी आयुष पाल 40 कलो, शुभम वर्मा 50 किलो, सुगंध यादव 55 किलो, सनी साहनी 50 किलो, गौतम राय 55 किलो, अनमोल 55 किलो, प्रियांश पटेल 70 किलो, शिवकुमार पाल 83 किलो में दांव आजमाएंगे।
पड़ाव स्थित स्कूल में वाॅलीबाॅल खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
भगत सिंह हाउस ने जीती वॉलीबॉल ट्रॉफी
पड़ाव स्थित देहरादून पब्लिक स्कूल में शनिवार को वार्षिक खेल में वॉलीबॉल प्रतियोगिता हुई। इसमें भगत सिंह हाउस की टीम ने पटेल हाउस को 11-9 के स्कोर से हराकर ट्राॅफी जीत ली। इससे पूर्व विद्यालय के प्रबंधक भगवान पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर खेल शुरू कराया। समापन के मुख्य अतिथि चेयरमैन डीएन तिवारी ने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। संचालन निदेशक कुमार अभिषेक और धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य अशोक तिवारी ने किया।
दिव्यांग टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
अवनीश ने करसन घावरी को फाइनल में पहुंचाया
उत्तर प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन फॉर फिजिकल चैलेंज की ओर से शनिवार को ऐढ़े मैदान पर टी-20 क्रिकेट का सेमीफाइनल खेला गया। मैच के अंतिम बॉल पर अवनीश कुमार ने चौका लगाकर करसन घावरी की टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सुनील गावस्कर की टीम ने 10 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 78 बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी करसन घावरी की टीम 9 विकेट पर 82 रन बनाकर मैच जीत लिया। फाइनल एकनाथ सोलकर और करसन घावरी की टीम के बीच होगा। मौके पर डॉ मनोज श्रीवास्व, डॉक्टर एसबी सिंह, अजय यादव मौजूद रहे।
मुक्केबाजी में विद्यापीठ के ऋषभ ने जीता रजत
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मुक्केबाज ऋषभ पांडेय ने शनिवार को खेलो इडिया अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता में उन्हें अंडर-92 किलो भारवर्ग में पंजाब के खिलाड़ी से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद त्यागी, क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह, सचिव डॉ. उर्जस्विता सिंह, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, डॉ. राधेश्याम राय ने जीत पर ऋषभ को बधाई दी।
30 खिलाड़ियों ने वाटर पोलो के लिए दिया ट्रायल
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय वाटर पोलो प्रतियोगिता के लिए बीएचयू की टीम का चयन ट्रायल छह दिसंबर को सुबह साढ़े आठ बजे बीएचयू परिसर स्थित पुराने स्वीमिंग पूल में हुआ। इसमें आठ संकायों के 30 खिलाड़ी शामिल रहे। बीएचयू विवि क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ी जनवरी में प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। संचालन आयोजन सचिव विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की सहायक निदेशक डाॅ. कविता वर्मा, धन्यवाद ज्ञापन प्रियंका यादव ने दिया। मौके पर डॉ. राजीव सिंह, डॉ. धीरेंद्र तिवारी, डॉ. खुर्शीद, डॉ. रॉबिन सिंह मौजूद रहे।
बीएचयू में फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल
बीएचयू के एंफिथिएटर ग्राउंड पर रविवार को फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल का मेगा संस्करण होगा। इस सप्ताह का विशेष संस्करण भारत को सीडब्ल्यूजी 2030 की आधिकारिक मेजबानी दिए जाने के उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है। पद्म भूषण से सम्मानित बनारस घराने के पंडित साजन मिश्र और तबला वादक संजू सहाय आएंगे। साथ ही एशियन यूथ वेटलिफ्टिंग 2025 में 2 रजत पदक और एक कांस्य पदक जीत चुके सुनील सिंह भी रहेंगे।
कांस्य पदक विजेता सुमेधा पाठक।
- फोटो : संवाद
वाराणसी की सुमेधा ने दिल्ली में पैरा निशानेबाजी में जीता कांस्य
छठवीं पैरा नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप दिल्ली के करणी शूटिंग रेज पर 5 से 10 दिसंबर तक खेली जा रही है। इस प्रतियोगिता के एकल एयर पिस्टल की स्पर्धा में वाराणसी के मानस नगर एक्सटेंशन की सुमेध पाठक ने कांस्य पदक जीत लिया। उन्होंने यह सफलता 10 मीटर एयर पिस्टल में हासिल की है।
स्पर्धा का स्वर्ण राजस्थान की सृष्टि अरोड़ा और रजत दिल्ली की भक्ति शर्मा ने जीता। क्वालिफाइंग राउंड में भक्ति शर्मा ने 568 अंक, सुमेधा ने 565 और सृष्टि अरोरा ने 559 अंक अर्जित किए। यूपी राइफल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीप मधोक ने बताया कि इस जीत के साथ राष्ट्रीय स्तर पर सुमेधा के पदकों की संख्या 19 हो गई है।