मड़ई में आग लगने से सारा सामान जलकर राख
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी जिले के चिरईगांव चौबेपुर थाना क्षेत्र के ढाब क्षेत्र के रामचंदीपुर टूडी पर बुधवार की देर रात जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रात लगभग 2:00 बजे अज्ञात लोगों ने गांव निवासी रवींद्र यादव की रिहायशी मड़ई में आग लगा दी, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। उधर, मामले में पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी।
पीड़ित रवींद्र यादव ने बताया कि लंबे समय से जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। बुधवार को दिन में विपक्षी राम प्रसाद, शिवप्रसाद द्वारा खेत से हरा चारा और सब्जियां नेनुआ, लौकी, भिंडी आदि उखाड़ दिया गया था। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस चौकी चांदपुर में लिखित में दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन विपक्षियों के खिलाफ नरमी बरती गई। जिसका परिणाम हुआ कि रात में मड़ई में आग लगा दी।
पीड़ित के अनुसार, मड़ई में रखी चौकी, चारपाई, कपड़े, जरूरी घरेलू सामान और नकदी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। पीआरबी की पुलिस मौके पर तो पहुंची, लेकिन केवल औपचारिकता निभाकर लौट गई।
इस बाबत थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस पहुंची है। तहरीर मिलने पर जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।