कोरोना वायरस के संभावित लक्षण देखते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सुपर स्पेशियलिटी कांप्लेक्स में शनिवार को भर्ती किए गए इटली से लौटे युवक की जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। अब युवक को जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। इस समय बीएचयू के आईसोलेशन वार्ड में कोई मरीज नहीं भर्ती है।
कोरोना वायरस को देखते हुए लोग एहतियातन मास्क लगाकर चलने के साथ ही एक-दूसरे से हाथ मिलाने से भी परहेज कर रहे हैं। वहीं, विदेशों से लौटने वाले युवकों की विशेष मानीटरिंग की जा रही है। ये लोग भी सावधान हैं और सर्दी, खांसी, बुखार आने पर एहतियातन जांच करा रहे हैं। बीएचयू के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में दो दिन में पांच लोगों को आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कर सैंपल लिए गए, इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
शहर की मस्जिदों से भी कोरोना वायरस से बचाव के बारे में बताया जा रहा है। नमाज के बाद तकरीर में लोगों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, सर्दी, खांसी, जुकाम और छींक आने पर मुंह रुमाल से ढकने, बिना मॉस्क के बाहर न निकलने और किसी तरह की परेशानी पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लेने जैसी जानकारियां दी जा रही हैं।
इंडियन साइंटिफिक एजूकेशन एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन की ओर से बीएचयू में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार सिंह के निर्देशन में शोध छात्रों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। कहा कि कोरोना वायरस को लेकर अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। सतर्कता बरतने से इसके संक्रमण से बचा जा सकता है।