स्वतंत्रता भवन में लगे अग्निशमन यंत्र को मंगलवार की दोपहर तक बदल दें। इसके साथ ही भवन के अंदर जो खुली जगह है, उसे कपड़े से अच्छे तरीके से ढंक दें। यह निर्देश एसपीजी के अफसरों ने सोमवार को बीएचयू स्थित स्वतंत्रता भवन की देखरेख करने वाले कर्मियों को दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर एसपीजी के अफसरों की टीम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाबतपुर एयरपोर्ट, बरेका के ऑफिसर्स गेस्ट हाउस, स्वतंत्रता भवन और सीरगोवर्धनपुर में संत रविदास मंदिर व उसके इर्दगिर्द के इलाके का जायजा लिया। स्वतंत्रता भवन के निरीक्षण के दौरान एसपीजी के अफसरों की नजर एक अग्निशमन यंत्र पर पड़ी। उसके अंदर मौजूद आग बुझाने वाली गैस कम हो गई थी। इस पर उसे मंगलवार की दोपहर तक हर हाल में बदलने के लिए कहा गया। कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारियों से एसपीजी के अफसरों ने कहा कि प्रधानमंत्री के शहर प्रवास के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन प्लान इस तरह से रहे कि आमजन को असुविधाओं का सामना न करना पड़े। सीरगोवर्धनपुर में आमजन की गतिविधियों की निगरानी सीसी कैमरों की मदद से की जाए। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों का फोकस वीवीआईपी पर नहीं बल्कि आमजन की गतिविधियों पर रहे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गत 17 फरवरी को गोदौलिया चौराहा पर सभा को संबोधित किया था। उसके बाद भाजपाइयों ने गोदौलिया चौराहा को गंगाजल से धोया था। इसे लेकर कांग्रेसी खासे नाराज हैं। खुफिया इकाइयों को आशंका है कि प्रधानमंत्री के शहर प्रवास के दौरान विरोध स्वरूप कांग्रेसी भी वैसा कुछ ही कर सकते हैं। इसे लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए माहौल की टोह ली जा रही है।