वाराणसी। दिन में भी ठंड और तेज हवा चलने से शनिवार को थोड़ी राहत मिली। दिन में तेज धूप होने से लोगों ने राहत महसूस की, लेकिन शाम को पछुआ हवा चलने से गलन बढ़ गई। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की कमी दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार फिलहाल बूंदाबांदी की संभावना नहीं है लेकिन तीन दिन तक पछुआ हवाएं चलने से ठंड बढ़ने के आसार हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी जिस तरह से हो रही है, यही कारण है कि मैदानी भागों में ठंड भी बढ़ी है। शनिवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा। दिन में धूप इतनी अच्छी हुई कि घरों में जहां लोग छतों पर धूप सेंकने पहुंचे वहीं अन्य दिनों की तुलना में घाटों पर भी चहल-पहल अधिक दिखी। शाम को पछुआ हवा भी 8 से 10 किलोमीटर की रफ्तार से चलती रही। यहीं कारण है कि गलन भी बढ़ी रही। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि उत्तर पश्चिमी नम हवाओं की वजह से ही शाम को गलन रही। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस की जगह बढ़कर शनिवार को 22.1 तक पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 7.1 से कम होकर 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।