पूरे देश भर में दूरसंचार और इंटरनेट सेवाओं में क्रांती लाने वाला रिलायंस जिओ पर वाराणसी के मेयर रामगोपाल मोहले खासे नाराज हैं। इस नाराजगी का कारण रिलायंस जिओ द्वारा किया गया वादा है जो अब तक वाराणसी में मुक्कमल नहीं हो सका है।
रिलायंस जियो की भूमिगत केबिल बिछाने के एवज में रिलायंस को तीन पार्कों को सुंदर बनाने एवं उनकी मरम्मत का काम सीएसआर के तहत कराया जाना था। आनंद पार्क, शहीद उद्यान और कंपनी बाग को सुंदर बनाने का काम पिछले साल अगस्त में ही शुरू हुआ था।
मगर अब तक काम पूरा नहीं होने पर मेयर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने नगर आयुक्त क्रांती को निर्देश दिए हैं कि कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुनिश्चित करें कि कब तक काम पूरा होगा।
इकोग्रीन कंपनी करसड़ा में बनाएगी
शहरवासियों को कूड़े-कचरे की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने फिर पहल की है। करसड़ा प्लांट पर अब कूड़े से बिजली और खाद बनाई जाएगी। इसके लिए चीन की कंपनी इकोग्रीन से नगर निगम का करार लगभग फाइनल हो चुका है। इसी सप्ताह टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर प्लांट पर काम की शुरुआत होगी। साथ ही करसड़ा प्लांट को अपग्रेड भी किया जाएगा।
600 मीट्रिक टन क्षमता वाला करसड़ा प्लांट पिछले साल दिसंबर में चालू किया गया था। इससे पहले शहर का करीब साढ़े पांच सौ मीट्रिक टन रोजाना निकलने वाला कूड़ा रमना डंपिंग ग्राउंड में गिराया जाता था। प्लांट पर कचरे का निस्तारण तो शुरू हो गया था मगर उससे खाद और बिजली बनाने का काम शुरू नहीं हो सका था।