डॉ. आलोक और उनके मां-बाप फरार घोषित
वाराणसी। डॉ. रीना सिंह की हत्या के मामले में कैंट पुलिस के आवेदन पर आरोपी पति डॉ. आलोक सिंह, ससुर डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह और सास सावित्री देवी को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत फरार घोषित किया गया है। मंगलवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पशुपति नाथ मिश्र की अदालत ने यह आदेश दिया। साथ ही फरार होने की घोषणा संबंधी नोटिस आरोपियों के घर पर चस्पा करने का आदेश अदालत ने विवेचक को दिया।
कैंट थाना अंतर्गत टैगोर टाउन की डॉ. रीना सिंह की बीती दो जुलाई को संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी। कैंट थाने में डॉ. आलोक और उनके मां-बाप के खिलाफ हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज है। कैंट इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने सोमवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर कहा था कि डॉ. रीना की हत्या के मामले में उनके पति डॉ. आलोक सिंह और सास-ससुर आरोपी हैं। तीनों आरोपी घर छोड़ कर भागे हुए हैं। सूत्रों से पता लगा है कि आरोपी अपनी संपत्तियों को गुपचुप तरीके से हटाने-बढ़ाने में लगे हैं। ऐसे में तीनों आरोपियों को फरार घोषित कर उनकी संपत्तियों की कुर्की का आदेश दिया जाए। इंस्पेक्टर कैंट के प्रार्थना पत्र पर अदालत ने तीनों आरोपियों को फरार घोषित कर उनके घर पर इससे संबंधित नोटिस चस्पा करने का आदेश दिया।