राजातालाब। बाजार में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कवायद शुरू कर दी है। शनिवार को तहसील प्रशासन की टीम ने सड़क की नापी कर दोनों ओर लाल निशान लगाए और अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के भीतर कब्जा हटाने की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को तहसीलदार राजातालाब द्वारा गठित टीम ने शनिवार को सड़क की पैमाइश कर दोनों ओर लाल निशान लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने वालों को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहसील प्रशासन की टीम में राजस्व निरीक्षक अशोक सोनकर, बालेश्वर पटेल, सुजीत कुमार, आशुतोष कुमार और शुभम सोनकर शामिल रहे। टीम ने सड़क की वास्तविक चौड़ाई का निर्धारण करते हुए अतिक्रमित हिस्सों को चिह्नित किया।
बता दें कि राजातालाब बाजार में रोजाना कई बार जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। जाम और अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर स्थानीय युवा मंच और राजातालाब जाम मुक्ति मोर्चा लगातार अभियान चला रहे हैं।