श्रीकाशी विश्वनाथ धाम ने अपने पहले ही साल में चढ़ावे के सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिए। बीते एक साल में देश-दुनिया से श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आए शिव भक्तों ने दिल खोलकर बाबा के दरबार में नकदी, सोना, चांदी और अन्य धातुओं का चढ़ावा चढ़ाया है। मंदिर प्रशासन के आकलन के अनुसार चढ़ावे का कुल मूल्य 100 करोड़ से भी ज्यादा है। वहीं 13 दिसंबर 2021 से 12 दिसंबर तक सात करोड़ 35 लाख 82 हजार 042 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में धाम के लोकार्पण से अब तक श्रद्धालुओं ने लगभग 50 करोड़ से अधिक की नकदी दान की। इसमें से 40 प्रतिशत धनराशि आनलाइन प्राप्त हुई है। वहीं लगभग 50 करोड़ से अधिक के धातु (60 किलो सोना, 10 किलो चांदी और 15 सौ किलो तांबा) भी चढ़ावे में मिले हैं। सोना व तांबे से गर्भगृह की बाहरी और आंतरिक दीवारों को स्वर्ण मंडित किया गया है।
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि 13 दिसंबर 2021 से लेकर अब तक श्रद्धालुओं ने 100 करोड़ रुपये से अधिक का दान अर्पण किया। यह मंदिर के इतिहास में सर्वाधिक है। साथ ही पिछले साल की तुलना में यह राशि लगभग पांच सौ प्रतिशत से अधिक है।
श्री काशी विश्वनाथ धाम
- फोटो : अमर उजाला