विश्व जल दिवस के अवसर पर संकट मोचन फाउंडेशन की ओर से रविवार सुबह नमो घाट से तुलसी घाट तक क्लीन गंगा मैराथन में काशी वासियों ने हिस्सा लिया। सात और 10 किमी दौड़ में 2642 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। फिल्म अभिनेता मिलिंद सोमन और संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने नमो घाट से हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। सात किमी दौड़ में महिला वर्ग में लगातार दूसरे साल जाल्हूपुर की रहने वाली रेबी पाल जबकि 10 किमी दौड़ में मिर्जापुर सीखड़ की रहने वाली तामसी सिंह और पुरुष वर्ग में आशीष पाल और संदीप पाल ने पहला स्थान हासिल किया। इस दौरान मिलिंद सोमन ने खुद भी 10 किमी मैराथन में शामिल होकर लोगों को गंगा की स्वच्छता का संकल्प दिलाया।
10 किमी की दौड़ नमो घाट से मच्छोदरी, विश्वेश्वरगंज, मैदागिन, गोदौलिया, मदनपुरा शिवाला, रवींद्रपुरी लंका महामना मालवीय प्रतिमा होते तुलसी घाट पर संपन्न हुई। सात किमी मैराथन के प्रतिभागी नमो घाट से होकर शिवाला से सीधे भदैनी होते हुए तुलसीघाट पहुंचे। प्रतिभागियों का तुलसी द्वार पर गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत हुआ। यहां विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया गया।
शरीर की तंदुरुरस्ती के साथ गंगा की स्वच्छता जरूरी -
मैराथन के मुख्य अतिथि अभिनेता मिलिंद सोमन ने कहा कि आज की दौड़ का उद्देश्य स्वच्छ गंगा है। हम सब की जिम्मेदारी है कि जैसे हम अपने शरीर को स्वस्थ और तंदुरुस्त रखते हैं उसी तरह गंगा को भी प्रदूषण मुक्ति और स्वच्छ रखें। फाउंडेशन के निदेशक प्रो. एसएन उपाध्याय ने कहा कि प्राकृतिक स्रोत बचाने के उपाय सोचना हमारा उद्देश्य है। मदर्स फॉर मदर की अध्यक्ष आभा मिश्र ने कहा कि जल है तो कल है। कई लोग जल के लिए जूझ रहे हैं। गंगा या सामान्य जल को भी साफ रखना महिलाओं की जिम्मेदारी है। फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने कहा कि यह संकल्प लेना होगा कि गंगा में एक बूंद भी गंदा पानी न जाने पाए। संचालन अदिति मिश्र, स्वागत अदिति मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन धन्यवाद ज्ञापन पुष्करनाथ मिश्र ने दिया।
सिगरा स्टेडियम के छह खिलाड़ियों ने जीते पदक
इस मैराथन में सिगरा स्टेडियम के सर्वाधिक छह खिलाड़ियों ने पदक जीते। इसमें आशीष पाल और संदीप पाल बरियासनपुर गांव के निवासी शामिल रहे। मिर्जापुर सीखड़ की तामसी सिंह, बढैनी की वंदना, बरियासनपुर खुशुबु पटेल भी सिगरा स्टेडियम में अभ्यास करती हैं। एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव ने बताया कि सिगरा स्टेडियम की सुविधा और नियमित अभ्यास की बदौलत खिलाड़ी लगातार पदक जीत रहे हैं।
सात किमी दौड़ के विजेता
महिला
पदक नाम स्थान
स्वर्ण- रेबी पाल, जाल्हूपुर
रजत- किरण वर्मा, सीओ
कांस्य- छाया भारती, पिंडरा
पुरुष
स्वर्ण, आशीष पाल, बरियासनपुर
रजत, कुलदीप यादव
कांस्य, अभिषेक कुमार
-
10 किमी दौड़ के विजेता खिलाड़ी
महिला
स्वर्ण, तामसी सिंह मिर्जापुर
रजत, वंदना बढैनी
कांस्य, खुशबू पटेल, सीओ
पुरुष
स्वर्ण, संदीप पाल
रजत, प्रिंस राज मिश्र, बिहार
कांस्य, आकाश पटेल, सीओ