फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरें: लाखों के गहने और नकदी ले भागे उचक्के, हाइवे पर मिली महिला की लाश

Mon, 09 Sep 2024 10:16 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार की एक महिला से उचक्कों ने लाखों का सामान पार कर दिया। वहीं, रोहनिया थाना क्षेत्र के सर्विस लेन पर एक महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गईं। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भुवनेश्वर नगर कॉलोनी, अर्दली बाजार में रहने वाली एक शिक्षिका को झांसा देकर दो उचक्के लाखों रुपये के गहने और नकदी ऐंठ ले गए। शिक्षिका की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

विज्ञापन


शिक्षिका डॉ. कविता ने बताया कि गत तीन सितंबर को वह अपने कॉलेज से घर जा रही थीं। उन्हें एक व्यक्ति उन्हें मिला, वह एक व्यक्ति के बारे में पूछा। उसने कहा कि आपके पैर का दर्द मैं ठीक कर दूंगा। तभी एक दूसरा व्यक्ति आया और पहले व्यक्ति को कहा कि हे प्रभु आपकी वजह से मेरी माता ठीक हुई हैं, वह आपसे मिलना चाहती हैं। आप मेरे साथ चलें। 

इस पर दूसरा व्यक्ति बोला कि पहले इन्हें ठीक कर दें। फिर वह उनसे कहा कि तुम घर जाओ और पैसे व जेवर ले आओ। मैं उसे शुद्ध करके तुम्हारे घर को ठीक कर दूंगा। यह सुन कर वह घर चली गई। डॉ. कविता ने बताया कि वह आधे घंटे तक घर में रहीं, लेकिन पूरी तरह से बेचैन थीं। फिर, सारे जेवर और एक लाख से ज्यादा नकदी लेकर वह उस व्यक्ति से मिलने चली गईं। वह उन्हें डॉ. एसके सिंह की क्लिनिक के पास ले गया। 
विज्ञापन


उनके बैग पर हाथ रखा और उनका पहना हुआ जेवर भी उतरवा लिया। उन्हें कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था और वह जो कह रहा था उसे मानती चली गई। वह उसे हीरे का एक सेट, सोने का कड़ा व चूड़ी, चार कंगन, चेन, अंगूठी, कान के चार सेट, तीन पेंडेंट सेट दे दीं। उसने कहा कि जो पैकेट दे रहा हूं, उसे शाम में सात से आठ बजे के बीच में खोलकर पूजा कर लेना। जब वह उसे 7:30 बजे खोलीं तो उसमें केवल पेपर और कूड़ा था। तब उन्हें समझ में आया कि उनके साथ धोखा हुआ है। पुलिस मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से उचक्कों को चिह्नित करने के प्रयास में जुटी हैं।

छेड़खानी और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार
सेवापुरी के हित्तापुर गांव निवासी प्रदीप कुमार पटेल को कपसेठी थाने की पुलिस ने छेड़खानी, मारपीट और धमकाने सहित अन्य आरोपों में सोमवार की दोपहर दौलतिया गेट के पास से गिरफ्तार किया। इस संबंध में चोलापुर थाना क्षेत्र के जमुनी गांव की रहने वाली विवाहिता ने कपसेठी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि प्रदीप ने विवाहिता को रास्ते में रोक कर छेड़खानी की और विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। 

बंद घर का ताला तोड़कर चोरी
सत्यम नगर कॉलोनी, पहड़िया में रविवार की रात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर उसे खंगाल डाला। पीड़िता की सूचना पर सोमवार को लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने मौका मुआयना किया। शीला माणिक के अनुसार उनके बेटे नीरज माणिक का दो दिन पहले एक्सीडेंट हो गया था। बेटे को लेकर वह अस्पताल में थीं। इसके चलते उनका मकान बंद था। सोमवार की सुबह वह घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर कमरे में पहुंचने पर आलमारी खुली मिली। उन्होंने बताया कि आलमारी में रखे लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी हुए हैं।

हाईवे की सर्विस लेन के किनारे महिला का शव मिला
रोहनिया के मोहनसराय में नेशनल हाईवे की सर्विस लेन के किनारे सोमवार की सुबह एक महिला का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची रोहनिया थाने की पुलिस शव की पहचान नहीं करा सकी। पुलिस के अनुसार महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष प्रतीत हुई है। महिला लाल रंग की प्रिंटेड साड़ी व काले रंग की प्रिंटेड ब्लाउज पहने हुए थी। महिला के गले में लाल और सफेद रंग की माला थी। संवाद

तेजाब पीने वाले बुजुर्ग की मौत
रामनगर के गोलाघाट निवासी कन्हैया (65) का सोमवार की सुबह बीएचयू अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घरेलू कलह से आजिज आकर तेजाब पीने के कारण रविवार को हालत बिगड़ने पर कन्हैया को बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

सपा नेता के घर फायरिंग के मामले में दो आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज
जिला जज संजीव पांडेय की अदालत ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप मीर घाट निवासी सपा नेता विजय यादव उर्फ विज्जू के घर हुई फायरिंग के दो आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोपियों में मीर घाट का गोविंद यादव और सूजाबाद पड़ाव का साहिल यादव शामिल है। इसी मामले में इसके पहले भी पांच अन्य आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार 30 जून 2024 को गुंडा टैक्स न देने के कारण सपा नेता के घर में गोविंद यादव, साहिल यादव, अंकित यादव, शिवम शर्मा, शोभित शर्मा व 10 से 12 अन्य लोग असलहों से लैस होकर घुसे थे। गोविंद यादव, अंकित यादव और साहिल यादव ने अवैध असलहों से सपा नेता और उनके परिवार को लक्ष्य करके जान से मारने के लिए फायरिंग की थी। इसके साथ ही लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला किया था।

रेल पटरी सहित ट्रेनों की भी जांच-पड़ताल 
कानपुर के पास रेलवे लाइन पर सिलेंडर रखकर ट्रेन को पलटने की साजिश को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इस क्रम में राजकीय रेलवे पुलिस के द्वारा सोमवार को वाराणसी जंक्शन सहित आसपास के क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।



वाराणसी कैट जीआरपी प्रहरी हेमंत सिंह के नेतृत्व में इस दौरान रेल पटरी सहित ट्रेनों की भी जांच पड़ताल की गई। प्लेटफार्म पर भी पूरी सतर्कता बढा दी गई और आने-जाने वाले लोगों पर निगाह रखी जा रही थी। संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ भी की गई।

कार्यक्षेत्र में पूरी पारदर्शिता, जिम्मेदारी से काम करना
डीएम एस राजलिंगम ने सोमवार को सदर तहसील में नवचयनित लेखपाल प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रशिक्षु लेखपालों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरी संवेदनशीलता से कार्य करते हुए शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना। अच्छा कार्य करेंगे तो उनके साथ-साथ शासन-प्रशासन की छवि भी बेहतर होगी। कहा कि राजस्व विभाग में लेखपाल की अहम भूमिका होती है। ग्राम स्तर पर राजस्व से संबंधित समस्त योजनाओं का कार्यान्वयन व लेखा जोखा लेखपालों द्वारा ही किया जाता है।

कमालुद्दीन को मिली पूर्वोत्तर रेलवे फुटबॉल टीम की कप्तानी
नागपुर में 79वीं इंटर रेलवे फुटबॉल प्रतियोगिता खेले जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे की कप्तानी लोहता निवासी कमालुद्दीन को मिली है। पूर्वोत्तर रेलवे की टीम ने चितरंजन में खेली गई प्रतियोगिता में मैच जीतकर क्वालिफाई किया है। अगला क्वार्टर फाइनल नागपुर में खेला जाएगा। इससे पहले दस दिवसीय शिविर गोरखपुर में हुआ था।

कमालुद्दीन पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के इलेक्ट्रिकल टीएलएसी विभाग में कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में फुटबॉल टीम ऑल इंडिया इंटर रेलवे प्रतियोगिता में खेलेगी। जो कि 22 से 28 तक होगी। कमालुद्दीन खान ने पिछले साल संतोष ट्रॉफी में भारतीय रेलवे की टीम से खेलते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया था। डीआरएम विनीत श्रीवास्तव, एडीआरएम रोशन लाल यादव, एडीआरएम आरके सिंह, मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेंद्र पाल, सतीश नारायण सिंह ने खुशी का इजहार किया है। 

टीजीए के अध्यक्ष बने अखिलेश, नीलेश महामंत्री
टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन का द्विवार्षिक समारोह छावनी क्षेत्र स्थित अर्बन फूड कोर्ट सभागार में आयोजित किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से अखिलेश कुमार को अध्यक्ष, नीलेश सिन्हा को सचिव मनोनीत किया। मुमताज अली को अतिरिक्त सचिव, मदन कुशवाहा, अनीश झा, आलोक व प्रदीप वर्मा को उपाध्यक्ष, वरुण अग्रवाल को कोषाध्यक्ष, विनीत पांडेय को संयुक्त सचिव और मदन गोपाल विश्वकर्मा को संस्कृति मंत्री बनाया गया। 

कार्यकारिणी सदस्य के रूप में राजेश जैसवाल, ओम प्रकाश पांडेय, मुरारी सिंह अनीता देवी और शिव कुमार शर्मा को चुना गया। नई टीम ने जैनेंद्र राय को टीजीए कोर्डिनेटर, अजीत यादव को विधिक सलाहकार व प्रवक्ता मनोनीत किया। इस मौके पर सीनियर गाइड वीडी शर्मा, रंजीत गुप्ता, अश्विनी कुमार, हनुमान पांडेय, सौरभ शुक्ला, प्रिंस, चंचल मौर्या, आदि माैजूद रहे। 

जक्खिनी में विद्यालयीय वॉलीवॉल प्रतियोगिता मंगलवार को
जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता मंगलवार सुबह राजकीय इंटर कॉलेज जक्खिनी में सुबह 8 बजे खेली जाएगी। इसमें दस जोन के खिलाड़ी खेलेंगे। जिला सचिव विनोद सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र के साथ आना होगा। 

प्रादेशिक मुकाबले के लिए टीम ने कसी कमर
कानपुर में होने वाली प्रादेशिक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जिले की टीम भी खेलेगी। सोमवार शाम चार बजे टीम ने यूपी कॉलेज के कोर्ट पर अभ्यास मैच खेला। जिला बास्केटबॉल संघ के संयुक्त सचिव विभोर भृगुवंशी ने बताया कि टीम का चयन ट्रायल 14 सितंबर को होगा। चयनित टीम 17 सितंबर को कानपुर रवाना होगी। प्रादेशिक प्रतियोगिता में अंडर-17 जूनियर और अंडर-14 सब जूनियर आयुवर्ग में बालक-बालिका टीम खेलेगी। खिलाड़ी सुबह शाम अभ्यास कर रहे हैं। जिले की टीम गत वर्ष की चैंपियन है। 

बीएनए के नए अध्यक्ष ने लिया चार्ज
भारतेंदु नाट्य अकादमी के नए अध्यक्ष डॉ. रति शंकर त्रिपाठी ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। अकादमी के निदेशक बिपिन कुमार ने नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया। डॉ. रति शंकर त्रिपाठी ने कहा कि वह संस्थान की गरिमा बनाए रखते हुए, उसे नई ऊंचाईयों पर लेकर जाएंगे। 

हे गण नायक सिद्धि विनायक...
श्री शारदा भवन में सोमवार को गणेश संगीत उत्सव की पहली निशा में पंडित गणेश प्रसाद मिश्र का गायन हुआ। उन्होंने गायन की शुरुआत राग अभोगी कान्हड़ा में हे गण नायक सिद्धि विनायक...से किया। इसके बाद तीन ताल में निबद्ध पिया डर लागे मनवा...पेश करके श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद मिश्र खमाज में प्रसिद्ध दादरा डगर बीच कैसे चलूं, मग रोके कन्हैया बे पीर... पेश किया। उन्होंने समापन बनारसी कजरी से किया। तबले पर पं. ललित कुमार मिश्र ने संगत की। बांसुरी पर डाॅ. शनिश ज्ञावली, सारंगी पर अनीश मिश्र, तानपूरे पर शुभ मिश्र ने संगत की।

उत्तम मार्दव गुन मन माना, मान करन कौ कौन ठिकाना...
उत्तम मार्दव गुन मन माना, मान करन कौ कौन ठिकाना...। यानी उत्तम मार्दव गुण मन में लाना चाहिए क्योंकि मान करने के लिए जगत में कोई भी वस्तु नहीं है। जैन समाज के पर्यूषण पर्व के दूसरे दिन जैन धर्म के सप्तम तीर्थंकर 1008 भगवान सुपार्श्वनाथ के गर्भ कल्याणक दिवस के साथ उत्तम मार्दव पर्व पर पूजन, विधान और आरती समेत कई अनुष्ठान हुए।

सोमवार को जैन धर्म के सप्तम तीर्थंकर भगवान सुपार्श्वनाथ का गर्भ कल्याण महोत्सव भगवान की जन्मस्थली श्री भदैनीजी दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र प्रभु दास जैन घाट पर मनाया गया। सुबह सात बजे भगवान का 108 कलश के साथ जलाभिषेक, वृहद शांति धारा पूजन, कल्याण विधान और शाम को भव्य आरती हुई।

इसके साथ ही उत्तम मार्दव धर्म के दसलक्षण पर्व की पूजा, 16 कारण नंदीश्वर पंचमेरू आदि पूजा और विधान हुए। 1008 भगवान चंद्रप्रभु की जन्म भूमि श्री चंद्रावती जी दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र में भी दसलक्षण पर्व पर विशेष पूजन अर्चन हुआ। भगवान चंद्र प्रभु का महामस्तकाभिषेक किया गया।

भगवान पार्श्वनाथ की जन्मभूमि भेलूपुर, भगवान श्रेयांशनाथ की जन्मभूमि सारनाथ और शहर के सभी प्रमुख जैन मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना हुई। उत्तम मार्दव पर प्रवचन करते हुए सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि चित्त में मृदुता और व्यवहार में विनम्रता ही उत्तम मार्दव है। यह मान कषाय के अभाव में प्रकट होता है।

आयुर्वेद कॉलेज में चलेगी गठिया की ओपीडी
राजकीय आयुर्वेद अस्पताल में सोमवार को गठिया उपचार और उन्नत शोध केंद्र का आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने शुभारंभ किया। अस्पताल में अब गठिया के मरीजों के लिए विशेष ओपीडी चलाई जाएगी। साथ ही गठिया की बीमारी पर शोध भी कराया जा सकेगा।

आयुर्वेद अस्पताल में अब केंद्रीयकृत व्यवस्था के तहत उपचार केंद्र खुल गया है। आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि आयुर्वेद डिस्पेंसरी को आयुष हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर के रूप में उच्चीकृत किया जा रहा है। आयुष टेलीमेडिसिन के माध्यम से लोग घर बैठे निशुल्क आयुर्वेद परामर्श भी ले रहे हैं। चिकित्साधिकारी के खाली पदों पर नियुक्ति भी हो रही है। 

कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और छात्र-छात्राओं के लिए जिम का उद्घाटन भी मंत्री ने किया। इस दौरान मेडिकल विद्यार्थियों में टैबलेट भी बांटा गया। कार्यक्रम में डाॅ. मनीष मिश्र, डाॅ. रचना निगम, डॉ. सरोज शंकर राम आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. टीना सिंघल व डॉ अजय कुमार और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रकाश राज सिंह ने किया।

75 हजार लोगों ने गृहकर की छूट का उठाया लाभ
अब तक गृहकर जमा करने वाले 75 हजार लोगों ने दस प्रतिशत छूट का लाभ उठाया है। 30 सितंबर तक गृहकर में 10 फीसदी छूट दी जा रही है। अब तक छूट का लाभ उठाते हुए 75 हजार लोगों ने 26 करोड़ रुपये जमा कराएं है। इस बार 136 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य रखा गया है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने आम जनता से अपील की है कि 30 सितंबर से पूर्व अधिक से अधिक गृहकर जमा कर 10 प्रतिशत छूट का लाभ उठाएं। जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है कि अपने-अपने जोन के भवन स्वामियों को जागरूक कर गृहकर जमा कराएं। 

स्टोर से हटाकर पुराने सामान की कराएं नीलामी : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सोमवार को परिवहन, आलोक स्टोर का निरीक्षण किया। स्टोर में पड़े पुराने कूलर, लोहा, पुरानी सोडियम लाइट, पुराने जेनरेटर को हटवाने की हिदायत दी। अनावश्यक स्क्रैप सामानों की लिस्टिंग कराते हुए नीलामी कराएं। स्टॉक रजिस्टर में इंडेंट बनाने की जिम्मेदारी दी।

निगम कैंपस में वाहनों के पार्किंग स्थल पर पांच में से एक-एक कर्मचारी की ड्यूटी चौकीदारी के लिए दोनों गेटों पर लगाएं। खराब पड़े क्रेन को सीएसआर से लिस्टिंग कराएं। नगर निगम पुलिस चौकी के पास लगे स्ट्रीट लाइट में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था कराएं। परिवहन वर्क शॉप में स्क्रैप पड़े सामानों की नीलामी कराएं। कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की। सामान्य विभाग स्टोर के खाली पड़े एक कक्ष जोनल स्वच्छता अधिकारी को आवंटित करें। 

हिंदी भाषा पर भूमंडलीकरण के प्रभाव समझाए
श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के हिंदी विभाग में हिंदी पखवाड़ा के तहत सोमवार को हिंदी सप्ताह का शुभारंभ हुआ। विभागाध्यक्ष डॉ. सुमन सिंह ने कहा कि हिंदी भारत की पहचान है। मुख्य वक्ता काशी विद्यापीठ के हिंदी विभाग के डॉ. विजय रंजन ने हिंदी भाषा के जनपदीय, राष्ट्रीय और वैश्विक संदर्भों पर बात की।

कहा कि भारतीय राजनीति में हिंदी प्रदेश के राजनेताओं के उभार ने हिंदी भाषी जनता को सामाजिक-आर्थिक स्तर पर विकसित किया, जिसके परिणामस्वरूप हिंदी वैश्विक बाजार की भाषा बन गई है। प्रो. आभा सक्सेना और हिंदी विभाग की डॉ. राजकुमारी रानी ने भी विचार रखे। बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा दीपांजलि पांडेय ने कविता का पाठ किया। संचालन प्राध्यापिका मेनिका सिंह और धन्यवाद डॉ. प्रतिभा तिवारी ने दिया। 

पड़ोसी दरोगा और भाई नेता मिलकर करते हैं मारपीट, पुलिस नहीं सुन रही
प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में सोमवार को राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने जनसुनवाई की। इस दौरान बेनीपुर की उषा दीक्षित ने शिकायत की कि मेरे पड़ोसी पुलिस विभाग में दरोगा हैं और उनका छोटा भाई नेता है। दोनों उनके परिवार के साथ गाली गलौज के साथ मारपीट करते हैं। पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। मंत्री ने पुलिस विभाग को हिदायत दी कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करें।

डुबकिया निवासी रानी देवी ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी के साथ मिलकर डुबकिया में प्लाट खरीदा था। लेकिन, कुछ दबंग मकान बनवाने नहीं दे रहे हैं। उनसे रंगदारी मांगी जा रही है। भदैनी निवासी लोकनाथ मिश्रा ने मंत्री से कहा कि उसकी छोटी बहन की दोनों किडनी खराब है। ऑपरेशन के लिए लगभग चार लाख रुपये का खर्चा आएगा। प्राइवेट कर्मचारी होने के नाते उसकी सैलरी भी बहुत कम है। लिहाजा वो अपनी बहन का ऑपरेशन कराने में असमर्थ है। सरकारी मदद दिलाने में मदद करें। इस मौके पर कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक, पीआरओ गौरव राठी मौजूद रहे।

अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
अपहरण के आरोपी को पुलिस ने सोमवार की शाम चक खरावन गावं के पास गिरफ्तार किया। इस दौरान अपहृता को बरामद किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू यादव निवासी तेलारी हसनपुर के रूप में हुई है। 

रंजिश में युवक की पिटाई
लोहता थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में सोमवार की शाम पुरानी रंजिश में युवक की पिटाई कर दी गई। पिटाई से घायल युवक ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित के भाई गुलाम साबिर का आरोप है कि पुरानी रंजिश में महमूदपुर के कयूम, नजीबुल्ला, इकलाख, बेलाल ने भाई अनवर की पिटाई की। 

आईपीओ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर नौ लाख रुपये ऐंठ लिए
अमर नगर कॉलोनी, सोनिया रोड, सिगरा निवासी प्रदीप इसरानी को साइबर ठगों ने आईपीओ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर नौ लाख रुपये की चपत लगा दी। घटना के संबंध में प्रदीप इसरानी ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

प्रदीप इसरानी ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति अपने आप को नारायन जिंदल बताकर उनसे मिला। उनका डीमेट अकाउंट खुलवाया। फिर, उनसे आईपीओ और ट्रेडिंग के नाम पर नौ लाख रुपये अलग-अलग अकाउंट में जमा करवाया। बाद में उन्हें पता चला वह आदमी और अकाउंट दोनों ही सही नही है। उनके नाम पर जो शेयर बताए गए वह खरीदे ही नहीं गए हैं। साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गूगल पर छड़ का रेट देखना महंगा पड़ा, लगी 5.48 लाख की चपत
रेलवे कॉलोनी, मंडुवाडीह के आवास संख्या-304 में रहने वाले विपिन कुमार को गूगल पर टाटा टिस्काॅन छड़ के रेट की जानकारी लेना महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने विपिन से पांच लाख 48 हजार 930 रुपये ठग लिए। घटना के संबंध में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

विपिन ने पुलिस को बताया कि उनके भाई को मकान बनवाने के लिए छड़ की आवश्यकता थी। भाई के कहने पर वह गूगल पर टाटा टिस्काॅन छड़ का रेट देखने लगे। इस पर उनका नाम और नंबर मांगा गया। कुछ देर बाद उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने कह कि वह टाटा का डीलर बोल रहा है। उसने छड़ की रेट लिस्ट भेजी। इसके बाद उसने अपनी बातों में उलझा कर उनसे 548930 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। उनके पास न छड़ आया और न उनका पैसा वापस मिला।

युवती की सगाई हुई तो एडिट की फोटो युवक करने लगा वायरल
कर्णघंटा क्षेत्र की एक युवती की सगाई होने के बाद उसके साथ इंटरमीडिएट तक पढ़ा एक युवक सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उसकी फर्जी आईडी बनाया। युवती की फोटो एडिट कर वह सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ ही उसके रिश्तेदारों और करीबियों को भेजता है। 

मना करने पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगता है। इसे लेकर युवती के पिता की तहरीर के आधार पर लठिया स्थित मां न्यू मां अन्नपूर्णा ढाबा के संचालक योगेश मौर्य और उसके पुत्र जतिन मौर्या के खिलाफ चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर चौक विमल मिश्रा ने बताया कि पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन

हिंदुओं को एकजुट करने के लिए निकलेगी 11 हजार किमी की हिंदू जोड़ो यात्रा
हिंदुओं को एकजुट करने के लिए नौ जनवरी 2025 को हिंदू जोड़ो यात्रा आरंभ होगी। श्रीनगर के लालचौक से कन्याकुमारी तक निकलने वाली यात्रा में हिंदू जनमानस पर बढ़ते अत्याचार, भारत में हिंदुओं की सिमटती स्थिति और हिंदू धर्म में बढ़ते पाखंडवाद व अंधविश्वास के खिलाफ हिंदू जनमानस को जागृत किया जाएगा। यह जानकारी आदिनाथ संप्रदाय के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ. कल्किराम महाराज एवं डॉ. सचिन मिश्रा ने दी।

उन्होंने बताया कि 9 जनवरी 2025 को श्रीनगर के लाल चौक पर एक विशाल सार्वजनिक सभा के पश्चात भव्य हिंदू जोड़ो यात्रा का शुभारंभ होगा। हिंदू जोड़ो यात्रा भारत के 14 राज्यों से होकर लगभग 11 हजार किलोमीटर की यात्रा 52 दिनों में पूरा करेगी। यात्रा में संपूर्ण भारत के संत, महंत, आदिनाथ संप्रदाय, वारकरी संप्रदाय, राजनेता, साहित्यकार ,कलाकार, अधिवक्ता, उद्योगपति, छात्र संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, चिकित्सक सहित महाराष्ट्र की भजन एवं कीर्तन मंडली शामिल होगी। उत्तर प्रदेश में यात्रा मथुरा-वृंदावन से प्रवेश करेगी तत्पश्चात लखनऊ होते हुए अयोध्या के बाद सीधे धर्म नगरी वाराणसी पहुंचेगी। वाराणसी में स्वागत के बाद यात्रा झांसी के लिए प्रस्थान करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें