काशी तमिल संगमम 4.0 की नौ दिवसीय कार रैली बुधवार को नमो घाट पहुंची। तेनकासी से दो दिसंबर को निकली इस ऐतिहासिक कार रैली ने करीब 2,460 किमी की दूरी तय की। काशी पहुंचने पर रैली का भव्य स्वागत हुआ। मोहन सराय काशी द्वार पर एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर रैली का स्वागत किया। नमो घाट पर पहुंचने पर मंडलायुक्त एस राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने दल का औपचारिक स्वागत किया। मंडलायुक्त ने कहा कि यह यात्रा न केवल तमिल और काशी की सांस्कृतिक निकटता का उत्सव है, बल्कि भारत की उस आध्यात्मिक एकता की जीवंत अनुभूति भी है। जिसने सदियों से उत्तर और दक्षिण को एक सूत्र में बांध रखा है।