वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के सरसौली में सात साल की मासूम के साथ रेप की सनसनीखेज घटना सामने आई है।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर कैंट थाने में चोलापुर थाना के महदेपुर के मूल निवासी और सरसौली में किराये पर रहने वाले मजदूर राजेश गौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं, पीड़िता को उपचार के लिए पुलिस ने महिला अस्पताल भिजवाया जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
पीड़िता की मां ने बताया कि शनिवार की रात वो घर के समीप ही अपनी पट्टीदारी में थी। इसी दौरान उसकी मासूम बच्ची जोर से चीखी तो वो और उसका पति भाग कर घर आए।
इसी दौरान पीड़िता की मां ने देखा कि एक युवक चहारदीवारी फांद कर भाग रहा है तो उसके पति ने दौड़ाकर पकड़ा लेकिन वो हाथ छुड़ा कर भाग निकला।
इस संबंध में सीओ कैंट राकेश नायक ने बताया कि पीड़िता को उपचार के लिए भिजवाने के बाद आरोपी की तलाश में छापेमारी और उसके करीबियों से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि इससे पहले शनिवार को बड़ागांव थाना के एक गांव में आठ वर्षीय मासूम के साथ दुराचार का मामला सामने आया था।