फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामनगर की रामलीला: लक्ष्मण ने काटी शूर्पणखा की नाक, रावण ने किया सीता का हरण; जटायु से युद्ध

Tue, 23 Sep 2025 05:58 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

विश्वप्रसिद्ध रामनगर की रामलीला का मंचन देखने दूरदराज से लोग आए हुए थे। लीला में शूर्पणखा की नाक कटते ही भक्त श्रीराम और लक्ष्मण के जयकारे लगाने लगे। वहीं, रावण ने सीता का हरण कर लिया।
विज्ञापन
रामनगर की रामलीला का भावपूर्ण मंचन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News: रामलीलाओं के मंचन के साथ ही शिव की नगरी अब पूरी तरह से राममय हो चुकी है। रामनगर से लेकर चौबेपुर तक रामलीलाओं का मंचन हो रहा है। सोमवार को भी नवरात्र की प्रतिपदा पर मुकुट पूजन के साथ पांच से अधिक जगहों पर रामलीला का मंचन किया गया। विश्वप्रसिद्ध रामलीला में सोमवार को 17वें दिन शूर्पणखा नासिक छेदन, खर-दूषण वध, सीता हरण व रावण-जटायु युद्ध प्रसंग का मंचन किया गया।

विज्ञापन


सोमवार को रामनगर की रामलीला में शूर्पणखा श्रीराम-लक्ष्मण विवाह का प्रस्ताव रखती है। नकारने पर रुष्ट होकर माता सीता की ओर झपटती है। इससे क्रोधित श्रीराम के आदेश पर लक्ष्मण शूर्पणखा की नाक-कान काट देते हैं। शूर्पणखा लंका जाकर रावण को आप बीती सुनाती है। 

सीता की सुरक्षा लक्ष्मण को सौंप श्रीराम धनुष बाण लेकर मृग रुपी मारीच के पीछे दौड़ पड़ते हैं। रावण संन्यासी का वेश धारण कर सीता के पास आता है और रथ में हरण कर आकाश मार्ग से लंका की ओर चल देता है। आकाश मार्ग में जटायु रावण को रोकने का प्रयास करते हैं लेकिन रावण उनके पंख काट देता है। 

विज्ञापन

लगे जयकारे

लंका पहुंच कर रावण सीता को राक्षसियों की सुरक्षा में अशोक वाटिका में रखता है। दूसरी ओर श्रीराम लक्ष्मण को देख चिंतित होते हैं। यहीं पर आरती के साथ रामलीला को अगले दिन तक के लिए विश्राम दिया जाता है। उधर, कज्जाकपुरा स्थित रामबाग में चित्रकूट के मनोरम वनलीला हुई। 

श्री आदि रामलीला लाटभैरव वरुणा संगम काशी की ओर से हो रहे लीला के दौरान भरत सभा के दृश्य को जीवंत किया गया। इस अवसर पर समिति की ओर से व्यास दयाशंकर त्रिपाठी, सहायक व्यास पंकज त्रिपाठी, प्रधानमंत्री कन्हैयालाल यादव, केवल कुशवाहा, संतोष साहू, श्यामसुंदर मौजूद रहे।

भये प्रगट कृपाला दीन दयाला....
चिरईगांव के गोकुलपुर रामबाग की श्रीरामलीला में दूसरे दिन सोमवार को श्रीरामजन्म की लीला का सुंदर मंचन किया गया। चारों भाइयों के जन्म पर भरे प्रगट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी जैसी चौपाइयां, सुंदर सोहर गीतों व श्रीराम के जयकारों से रामलीला स्थल गुंजायमान रहा। इस दौरान अध्यक्ष रिंकू पहलवान, विनीत चौबे, आलोक चौबे आदि व्यवस्था में जुटे रहे। 

उधर, प्राचीन श्री रामलीला समिति सिंधोरा की रामलीला सोमवार को शाम 8 बजे से मुकुट पूजन के साथ शुरू हुई। मुकुट का पूजन रामलीला समिति के अध्यक्ष प्रमोद नारायण ने किया। वहीं, प्राचीन श्री रामलीला कमेटी चौबेपुर की रामलीला मुकुट पूजन के साथ शुरू हुई। पूजा रामलीला समिति के संरक्षक अवनीश चंद्र बरनवाल ने की। इस अवसर पर श्याम मोहन गुप्ता बबलू, महेंद्र सेठ, विजय सेठ, प्रदीप सोनी राजू मौजूद रहे। 
विज्ञापन

मुकुट पूजन के साथ केंद्रीय कारागार में रामलीला का शुभारंभ
शिवपुर केंद्रीय कारागार में दस दिन चलने वाली रामलीला का शुभारंभ नवरात्र के प्रथम दिन मुकुट पूजन से हुआ। बंदियों ने रामलीला के प्रथम दिन वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र और मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक कुमार अग्निहोत्री ने मुकुट पूजन और कलश स्थापना के अनुष्ठान वैदिक मंत्रोचारण के साथ संपन्न किया।

सोमवार को रामलीला के प्रथम दिन मुकुट पूजन के बाद नारद मोह की लीला का मंचन किया गया। कारागार में संगीत की शिक्षा दे रहे डाॅ. आशीष कुमार मिश्रा के साथ बाहर से आए कलाकारों ने प्रेरणा राज (भरतनाट्यम), प्रिया गुप्ता (गायन), डाॅ. आशीष कुमार मिश्र (गायन), संजय कुमार (बांसुरी) और आदित्य दीप (पखावज) ने नारद की समाधि भंग करने के समय का भावपूर्ण मंचन किया गया। इस दौरान चिकित्साधिकारी अभिषेक सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह वल्दिया, फार्मासिस्ट संदीप खरे उपस्थित रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें