उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विवि में दाखिला लेने की तैयारी में लगे अभ्यर्थी विश्वविद्यालय में 10 मार्च तक स्नातक, स्नातकोत्तर सहित अन्य पाठयक्रमों मे प्रवेश ले सकते हैं। खास बात यह है कि स्नातक प्रोग्राम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई आधारित स्किल कोर्स की शुरूआत की गई है। दूसरे वर्ष में विद्यार्थियों को इस कोर्स को पढ़ने का मौका मिलेगा। राजर्षि टंडन विवि का क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी में हैं। इससे वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, सोनभद्र एवं गाजीपुर के करीब 265 अध्ययन केंद्र जुड़े हैं। इन केंद्रों के माध्यम से करीब 16 हजार विद्यार्थी अध्ययन करते हैं।
क्षेत्रीय समन्वयक डॉ.एसके सिंह ने बताया कि विवि ने बीसीए एवं एमए होम साइंस में प्रवेश फिर से शुरू किया है। पिछले कई सालों से इन कोर्स में प्रवेश की प्रक्रिया बंद थी। विवि ने इस बार प्रवेश प्रक्रिया को बहुत सरल एवं सुलभ बनाया है। यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार छात्रों की अपार आईडी, एबीसी आईडी एवं यूजीसी डेब आईडी बनाने के बाद ही प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। विवि की ओर से जनवरी 2026 सत्र में सभी प्रवेश समर्थ पोर्टल एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप लिए जाएंगे। इसमें 24 परास्नातक, 6 स्नातक, 4 जागरूकता कार्यक्रम, 7 डिप्लोमा कार्यक्रमों और 23 प्रमाण-पत्र कार्यक्रमों सहित कुल 64 कार्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ किया गया है।