प्रदेश के पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को उदय प्रताप कालेज में आयोजित समारोह में शामिल होने की कालेज प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। वे यहां छात्रसंघ का उद्घाटन करने के लिए नौ मार्च को आने वाले थे। अनुमति न मिलने से उखड़े छात्रों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया। कालेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी। कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और धरना दिया।
गुरुवार को दोपहर में छात्रसंघ अध्यक्ष अमृतेश सिंह सबल ने पत्रकारों को बताया कि छात्रसंघ का उद्घाटन नौ मार्च को राजा भैया करेंगे। इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उनकी अगवानी के लिए घोड़े तथा हाथी भी रहेंगे। शाम को उन्हें पता चला कि कालेज प्रशासन ने कार्यक्रम में राजा भैया के शामिल होने को इजाजत नहीं दी है। इससे वे आक्रोशित हो उठे। नाराज छात्रों ने कालेज गेट पर पहुंचकर तालाबंदी कर दी। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी।
धरनारत छात्रों का कहना है कि प्राचार्य ने बुलाकर राजा भैया के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने तर्क दिया कि जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को अनुमति देने से मना कर दिया है। इस वजह से वह कालेज में कार्यक्रम नहीं होने देंगे। छात्र चाहें तो परिसर के बाहर कार्यक्रम कर सकते हैं।
छात्रों ने बताया कि राजा भैया को निमंत्रण प्राचार्य के लेटर पैड पर भेजा गया था। अब वे इससे मुकर रहे हैं। प्राचार्य यदि गंभीर हैं तो वे जिला प्रशासन को अनुमति के लिए लिखित भेजें। यदि प्रशासन इनकार कर देता है तो वे मान जाएंगे। हालांकि, प्राचार्य डा. गुलाबचंद्र सिंह का कहना है कि उनकी जिला प्रशासन से मौखिक बात हुई है। प्रशासन ने अनुमति देने से मना कर दिया है।