दो तीन दिन से तापमान में उतार-चढ़ाव के बाद शुक्रवार को दिन में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। इस दौरान लोगों को उमस से राहत तो मिली लेकिन जगह-जगह जलभराव से आने-जाने में मुसीबत का सामना भी करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को 50 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। शुक्रवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला बदला रहा। नम हवाओं के साथ सुबह पहले बुंदाबांदी शुरू हुई। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई। शाम करीब चार बजे तक रूक-रूक कर बारिश होते रहने का ही असर रहा कि शहर में कई जगहों पर जलभराव भी हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक 50 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि तीन दिन तक रूक रूक कर बारिश होते रहने की संभावना है।