वाराणसी में स्टेशन का निरीक्षण करते रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
- फोटो : अमर उजाला
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस,वाराणसी और काशी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान रेल मंत्री ने कहा कि तीनों स्टेशनों को मिलाकर मास्टर प्लान बनाया जाएगा। जिसमें यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष फोकस रहेगा। रेल मंत्री ने कहा कि बनारस से जुड़े रेलवे स्टेशनों पर विकास कार्य उसकी हेरिटेज को ध्यान में रखते हुए करवाया जाएगा।
बनारस से खजुराहो तक जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह में भाग लेने आए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तीनों स्टेशनों का निरीक्षण कर अधिकारियों से स्टेशनों पर चलने वाले विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते रहने को कहा।
इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों से जुड़े मॉडल को भी देखा। रेल मंत्री ने कहा कि दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरह ही वाराणसी रेलवे स्टेशन पर भी स्थाई होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। जिससे कि बड़े त्यौहार और अन्य आयोजन में यात्रियों को कोई परेशानी ना हो। अपने निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री तीनों स्टेशनो पर यात्री सुविधाओं के साथ-साथ रेलवे कॉलोनी में रहने वाले लोगों की भी स्थिति जानने भी पहुंचे।
रोपवे-वाराणसी स्टेशन पर भी बनेगी योजना, काशी बनेगा बड़ा स्टेशन
रेल मंत्री ने कहा कि वाराणसी रेलवे स्टेशन पर रोपवे स्टेशन भी बन रहा है। ऐसे में रोपवे और बनारस स्टेशन को जोड़कर एक प्लान बनाया जाएगा, जिससे कि यात्रियों को कोई परेशानी ना हो। साथ ही उन्होंने कहा कि काशी रेलवे स्टेशन को एक बड़ा स्टेशन बनाया जाएगा। जहां से कई गाड़ियां चलाई जाएगी। बनारस रेलवे स्टेशन से साउथ की ओर जाने वाली सभी गाड़ियों को चलाने का प्लान है।
सिग्नेचर ब्रिज की डिजाइन पूरी, बहुत जल्द शुरू होगा कम
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मालवीय पुल पर बनने वाले सिग्नेचर ब्रिज की डिजाइन पूरी हो गई है। बहुत जल्दी इसका काम शुरू होगा। यह एक ऐसा ब्रिज होगा जिस पर चार रेलवे लाइन और 6 हाईवे की लेन होगी, जो कि देश का सबसे बड़ा ब्रिज होगा। हाइवे पर चलने वाले लोगो को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाएगा। निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियो के साथ ही राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।