धुंध और कोहरे के मद्देनजर रेलवे बोर्ड सतर्क हो गया है। बोर्ड से मंडल मुख्यालयों और रेलवे स्टेशनों को रिमाइंडर जारी कर कोहरे के दौरान ट्रेन दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है। रेलवे ने इस पर अमल भी शुरू कर दिया है।
कोहरे का मौसम शुरू हो गया है। कई क्षेत्रों में घना कोहरा पड़ रहा है। ऐसे मौसम में ट्रेनें किसी दुर्घटना का शिकार न हों, इसके लिए परिचालन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, ट्रेनों के पॉयलट और गार्ड को रफ्तार पर नियंत्रण व यातायात नियमों पर विशेष ध्यान देने के लिए सचेत किया गया है।
रेलवे बोर्ड ने हिदायत दी है कि किसी भी सूरत में 60 किलोमीटर से ज्यादा रफ्तार से ट्रेनें न चलाई जाएं। इसके अलावा मानव रहित और मेंड क्रासिंग पर विशेष सतर्कता बरतने, ट्रैक पर पटाखे लगाने और सिग्नल का विशेष ध्यान रखने की ताकीद की गई है।
उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे के सभी प्रमुख स्टेशनों को गाइड लाइन जारी करने इस पर क्रियान्वयन भी शुरू कर दिया है।