पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के अप डिपार्चर यार्ड में सोमवार शाम ड्यूटी के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से 32 वर्षीय रेलकर्मी सर्वेश कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि डीआरएम ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
मूल रूप से बिहार के दानापुर निवासी सर्वेश कुमार पीडीडीयू मंडल के परिचालन विभाग में पोर्टर के पद पर तैनात थे। वह इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर संख्या 438 में पत्नी रिंकी और पांच वर्षीय बेटी नूपुर के साथ रहते थे। रविवार को बेटी का जन्मदिन होने के कारण वह परिवार के साथ गांव गए थे। जन्मदिन मनाने के बाद देर रात वापस लौटे और सोमवार सुबह ड्यूटी पर पहुंच गए।