वाराणसी-लखनऊ रेलमार्ग पर स्थित जौनपुर के रेलवे स्टेशन श्रीकृष्णा नगर के गेट नंबर 23 सी के पास सोमवार की सुबह पांच बजे अप रेल लाइन की पटरी चटक गई। घटना की जानकारी मिलते ही सेक्शन इंजीनियर राम अवतार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कॉशन के माध्यम से ट्रेनों का संचालन किया।
रेल पटरी की सुरक्षा के मद्देनजर रात्रि में पेट्रोलिंग कर रहे रवि कुमार और सौरभ जब गेट नंबर 23 सी के पास पहुंचे तो उनकी नजर चटकी रेल पटरी पर पड़ी। दोनों कर्मचारियों ने तत्काल सूचना रेल पथ के सेक्शन इंजीनियर राम अवतार को दिया। मौके पर पहुंच कर उन्होंने चटकी रेल पटरी का निरीक्षण कर कॉशन पर ट्रेन संचालित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान वाराणसी से लखनऊ जाने वाली वरुणा एक्स्प्रेस, वाराणसी से सुल्तानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन, सुल्तानपुर से वाराणसी जाने वाली पैसेंजर, मालगाड़ी, हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस कासन के माध्यम से चलायी गयी। सेक्शन इंजीनियर राम अवतार ने बताया कि चटकी रेलपटरी को ठीक कराने का कार्य बहुत जल्द ही पूरा कर रेल का संचालन यथावत शुरू कर दिया जाएगा।