शिवगंगा एक्सप्रेस सुबह की जगह दोपहर में बनारस स्टेशन पहुंची। मंगलवार देर शाम मिर्जापुर-झिंगुरा रेलखंड पर तीसरी लाइन के निर्माण के दौरान मिट्टी और इलेक्ट्रिक पोल धंसने के कारण दिल्ली-हावड़ा डाउन लाइन का परिचालन प्रभावित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देख प्रयागराज से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन जाने वाली कई ट्रेनों को वाराणसी जंक्शन (कैंट) और बनारस स्टेशन के रास्ते चलाना पड़ा।
इस वजह से कई ट्रेनें देर से चल रही हैं। बृहस्पतिवार को भी नई दिल्ली से कानपुर, प्रयागराज और लोकमान्य तिलक से प्रयागराज होते हुए वाराणसी, बनारस स्टेशन आने वाली ट्रेनें बहुत देर से पहुंचीं। उत्तर रेलवे के डीआरएम बीके यादव का कहना है कि बृहस्पतिवार को कुछ ट्रेनें लेट आईं। अब रेल परिचालन सामान्य हो गया है।
छठ पूजा के लिए घर लौटने वालों की उमड़ी भीड़
छठ की वजह से बहुत से लोग परिवार के साथ घर लौट रहे हैं। इस कारण पहले से ही भीड़ ट्रेनों में बढ़ी हैं, दूसरी देरी से चलने की वजह से भी लोग परेशान हो गए हैं। बृहस्पतिवार को लोकमान्य तिलक से चलकर वाराणसी जंक्शन पर पहुंची ट्रेन में जनरल से लेकर स्लीपर तक पैर रखने की जगह नहीं थी। ज्यादातर लोग नीचे बैठकर यात्रा करते नजर आए। इस बीच कैंट रेलवे स्टेशन और बनारस स्टेशन पर आरपीएफ जवानों के साथ ही जीआरपी की मुस्तैदी बढ़ा दी गई है। आरपीएफ की ओर से भी लोगों से सावधानी, यात्रा करने की अपील की जाती रही।
ट्रेनों के पहुंचने का समय
- 11061 एलटीटी जयनगर एक्सप्रेस-लोकमान्य तिलक से जयनगर जाने वाली ट्रेन वाराणसी जंक्शन पर दोपहर 12.25 की जगह 1 घंटे 35 मिनट की देरी से 2 बजे आई।
- 11051 एलटीटी बनारस स्पेशल-लोकमान्य तिलक बनारस स्टेशन पर शाम 4.05 बजे की जगह 8 घंटे की देरी से पहुंची।
- 11071 कामायनी एक्सप्रेस-लोकमान्य तिलक से चलकर बलिया जाने वाली वाराणसी जंक्शन पर शाम 7.45 की जगह 2 घंटे 20 मिनट लेट से रात 10.05 बजे पहुंची।
- 12167 एलटीटी बनारस एक्सप्रेस- ट्रेन बनारस स्टेशन पर रात 1.55 बजे से 1 घंटे की देरी से 2.55 बजे आई।
- 20506-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस- रात 10.50 की जगह 50 मिनट की देरी से 11.40 बजे वाराणसी स्टेशन पहुंची।
- 12562-नई दिल्ली से चलकर जयनगर जाने वाली स्वतंत्रा सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 8.05 बजे से 2 घंटे 40 मिनट की देरी से 10.45 बजे पहुंची।
- 12560-शिवगंगा एक्सप्रेस-नई दिल्ली से 11 नवंबर की रात चली ट्रेन बनारस स्टेशन पर 12 नवंबर को सुबह 6.10 बजे से 3 घंटे 10 मिनट की देरी से 9.20 बजे पहुंची।
- 12582-नई दिल्ली बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस : बनारस स्टेशन पर 12 नवंबर को सुबह 10 बजे की जगह 4 घंटा 15 मिनट की देरी से दोपहर 2.15 बजे आई।
- 04096-आनंद विहार पाटलिपुत्र फेस्टिवल स्पेशल- वाराणसी जंक्शन पर दोपहर 1 से 6 घंटे 50 मिनट की देरी से 7.50 बजे शाम को वाराणसी जंक्शन आई।
- 15003-चौरीचौरा एक्सप्रेस-कानपुर से चलकर गोरखपुर जाने वाली वाराणसी जंक्शन पर रात 12.05 से 2 घंटा 10 मिनट लेट 2.15 बजे पहुंची।