गया-पीडीडीयू नगर रूट पर कर्मनाशा और सैयदराजा रेलवे स्टेशन के बीच जोधपुर एक्सप्रेस पर चढ़े बंदर की वजह से ओएचई वायर टूट गया। इससे एक घंटे तक अप रूट बाधित हो गया। हालांकि पीछे कोई ट्रेन नहीं थी। इससे अन्य ट्रेनों पर असर नहीं पड़ा।
मालगाड़ियों को तीसरी लाइन से पार किया गया। टीआरडी के अधिकारियों कर्मचारियों ने प्रयास के बाद ओएचई वायर को ठीक किया गया। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई और रूट खुला।
हावड़ा से जोधपुर जा रही अप 12307 जोधपुर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से पौने दस बजे भभुआ रेलवे स्टेशन से खुली।
ट्रेन कर्मनाशा रेलवे स्टेशन से कुछ आगे चली थी कि कोई बोगी पर बंदर चढ़ गया। रफ्तार तेज होने की वजह से बंदर ओएचई वायर से टकरा गया और करेंट की चपेट में आकर मर गया। घटना में ओएचई वायर का इंसुलेटर और ब्रेकेट असेंबली टूट गया। इससे ट्रेन पोल संख्या 642/15 ए के समीप रुक गई। वहीं ट्रेन रुकने की वजह से अप रूट बाधित हो गया।