विजयानगर विस्तार क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रामीण आवासीय भू-अधिग्रहण योजना को लेकर रविवार को किसानों ने डीएम को प्रार्थना-पत्र सौंपकर अधिग्रहण प्रस्ताव पर पुनर्विचार की मांग की है। उनका कहना है कि उपजाऊ कृषि भूमि छीनने से सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा।
तहसील पिंडरा के विजयानगर विस्तार क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रामीण आवासीय भू-अधिग्रहण और विस्थापन योजना के तहत कृषि भूमि को अधिग्रहित करने की प्रक्रिया शुरू है। किसान संतोष पटेल, राजेंद्र कुमार समेत अन्य किसानों ने डीएम से कहा कि यह जमीन उनकी मुख्य आजीविका का साधन है और वर्षों से इस पर निर्भर हैं। किसानों का कहना है कि अधिग्रहण से उनकी आर्थिक व सामाजिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रख प्रस्ताव पर पुनर्विचार किया जाए। मांग की है कि नोटिस और अन्य कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाए। किसानों ने प्रकरण को संवेदनशील मानते हुए प्राथमिकता के आधार पर विचार करने की अपील की है।