बच्चों और युवाओं के बीच में सबसे लोकप्रिय मोबाइल गेम पबजी का खेल केंद्र सरकार ने खत्म कर दिया है। चीनी गेम पबजी समेत 118 एप को सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया। खतरनाक गेम पबजी के आदि हो चुके बच्चों के अभिभावकों में इसे लेकर बेहद खुशी है। बच्चे इस पबजी गेम खेलने के दौरान चोरी, मारपीट और अन्य कई तरह के गलत कार्यों को घर में अंजाम देने लगे थे। वहीं युवाओं ने भी इसे सरकार का सबसे बेहतरीन कदम बताया। बोले कि चीन को डिजिटल स्ट्राइक से ही मात दिया जाए।
प्रतिबंध देर से हुआ लेकिन दुरुस्त हुआ
पबजी ने कितने ही परिवार के बच्चों को पढ़ाई लिखाई सहित शारीरिक खेलकूद से विरक्त कर दिया था। यह ऐसा जहर था जो बालपन के निश्चल मन को क्रोधित बना रहा था।
राजेश कुमार सिंह, अभिभावक
पबजी बैन करके सरकार ने बच्चों का जीवन बर्बाद होने से बचा लिया है। प्रतिबंधित होने पर सबसे अधिक राहत अभिभावकों को महसूस हो रही है। बच्चे इस खेल के आदि हो चुके थे।
डॉ सलिलेश मालवीय, अभिभावक
पबजी ने कितने ही बच्चों की मासूमियत को छीन लिया। कितने बच्चे यह खेल के बाद आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गए थे। गेम बैन होने पर अभिभावकों को सबसे अधिक खुशी है।
सनत मिश्रा, अभिभावक
चीन को सबक सिखाने के साथ ही सरकार ने बच्चों व युवाओं को बिगड़ने से बचा लिया। पहले से ही इस गेम को बैन करने की मांग की जा रही थी। अब जाकर ठोस फैसला लिया गया।
दुर्गेश पांडेय, अभिभावक