श्री काशी विश्वनाथ धाम के ज्ञानवापी पर पेंटिंग होने पर विरोध की सूचना मिलने के बाद तैनात पुलिस
वाराणसी। ज्ञानवापी मस्जिद की दीवार पर भगवा पेंटिंग किए जाने पर शहर मुफ्ती अब्दुल बातिन ने नाराजगी जताई। पेंटिंग हटाने की मांग करते हुए उन्होंने डीसीपी काशी और एसीपी सुरक्षा को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि यदि पेंटिंग नहीं हटाई गई तो विरोध जारी रहेगा। उधर, मामला अतिसंवेदनशील होने और जुमे की नमाज को देखते हुए क्यूआरटी, पीएसी और आसपास के थानों की फोर्स तैनात की गई। हालांकि नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
शहर मुफ्ती अब्दुल बातिन नोमानी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि मस्जिद की दीवार पर इस तरह की पेंटिंग धार्मिक मर्यादाओं और परंपराओं के खिलाफ है। शकील अहमद ‘जादूगर’ ने कहा कि मस्जिदों का रंग सामान्यतः सफेद या हरा होता है, जबकि गेरुआ रंग मंदिरों से जुड़ा माना जाता है। ऐसे में धार्मिक स्थलों की परंपरा और पहचान का ध्यान रखना जरूरी है।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन फोर्स तैनात की गई। शांतिपूर्ण ढंग से नमाज संपन्न कराई गई। मौके पर डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, एडीसीपी काशी वैभव बांगर, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस फोर्स ने गोदौलिया से लेकर काशी विश्वनाथ धाम तक रूट मार्च भी किया।