कैंट थाने में फिल्म के निर्माता, निर्देशक, अभिनेता समेत अन्य के खिलाफ तहरीर
- फोटो : अमर उजाला
अभिनेता अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म थैंक गॉड रिलीज होने से पहले ही विवादों में आ गई है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद वाराणसी में भी इसका विरोध शुरू हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में भगवान श्रीचित्रगुप्त के अपमान किए जाने का आरोप लगाते हुए लोग मुखर हो रहे हैं। अधिवक्ताओं के बाद सामाजिक संगठन के लोगों ने गुरुवार को कैंट थाने में फिल्म के निर्माता, निर्देशक, अभिनेता समेत अन्य के खिलाफ तहरीर दी।
पहड़िया निवासी शैलेंद्र श्रीवास्तव मुन्ना और वरुणापुल निवासी सोमनाथ विश्वकर्मा सहित अन्य के अनुसार इस फिल्म के ट्रेलर में जिस प्रकार से हिंदू समाज के परम आराध्य परम पिता ब्रह्मा के मानस पुत्र भगवान चित्रगुप्त को अपमानित किया गया है और उनका अश्लील चित्रण किया गया है। जिससे सभी की भावनाएं आहत हुई और आस्था पर गंभीर चोट पहुंची है।
कैंट थाना प्रभारी प्रभुकांत को तहरीर देते हुए मांग किया कि फिल्म के अभिनेता अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, निर्देशक इंद्र कुमार, निर्माता पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया जाए। फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों के इस कार्य से समाज में शांति व्यवस्था बिगड़ने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।