वाराणसी। पहड़िया फल मंडी में टीडीए और मंडी सचिव की ओर से अतिक्रमण के नाम पर की जा रही तोड़फोड़ के विरोध में सोमवार को व्यापारियों और आढ़तियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। नेतृत्व पहाड़िया मंडी के अध्यक्ष विनोद सोनकर ने किया। महामंत्री ताज मोहम्मद, उपाध्यक्ष बृजेश सोनकर, कानून मंत्री गुलजार सोनकर, संगठन मंत्री संतोष सोनकर और कानून मंत्री राहुल सोनकर, मनोज सोनकर, दी सेंटर बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव गुड्डु ने टीडीए और मंडी सचिव की कार्रवाई को एकतरफा, अन्यायपूर्ण और व्यापारियों की रोजी-रोटी पर सीधा हमला बताया। चेतावनी दी कि यदि प्रशासन तत्काल तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं रोकता तो पहाड़िया मंडी को पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा। व्यापारी मंडी के मुख्य गेट की चाबी मंडी समिति को सौंप देंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संवाद