वाराणसी। लल्लापुरा में युवती को जलाने व उसे बेहतर इलाज न मिलने के विरोध में आम आदमी पार्टी और सामाजिक संगठन साझा संस्कृति मंच के सदस्यों ने मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा पर प्रदर्शन किया।
उन्होंने पीडि़ता का अच्छे अस्पताल में इलाज कराने तथा उसके परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उधर साझा संस्कृति मंच के सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर पीडि़ता के स्वास्थ्य का जायजा लिया।
आप नेता देवकांत वर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से पीड़तिा को दूसरे अस्पताल ले जाने, महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
साझा संस्कृति मंच की सदस्य जागृति राही ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय, राज्य महिला आयोग, मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर हमलावरों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने की मांग की है।
सोमवार से आमरण अनशन पर बैठे अरविंद शर्मा की बुधवार रात तबियत बिगड़ने लगी तो पुलिस ने उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
19 दिसंबर को हुई इस घटना के बाद से युवती का इलाज मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के बर्न वार्ड में चल रहा है। बुधवार को उसकी हालत बिगड़ती देख चिकित्सक डॉ. एके प्रधान ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया लेकिन परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जाने को तैयार नहीं हुए।
गुरुवार को चिकित्सक ने उसे दो यूनिट ब्लड चढ़ाने की बात कही। युवती का ब्लड ग्रुप एबी निगेटिव है और इस ग्रुप का ब्लड खोजने में परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।