वाराणसी। कोरोना टीकाकरण को परेशानी कम नहीं हो रही है। हालत यह है कि 18 से 44 साल तक के युवा कोविन एप पर पंजीकरण कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समय और तारीख नहीं मिल पा रहे हैं। वह घर से लेकर टीकाकरण केंद्र तक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। पिछले 3 दिनों से जैसे तैसे पंजीकरण तो हो जा रहा है, लेकिन टीकाकरण केंद्र, तारीख और टाइम स्लॉट का पता ही नहीं है। ऐसे में उनके सामने टीका लगवाने की समस्या बनी हुई है। कुछ लोग बुधवार को जिला महिला अस्पताल, बीएचयू समेत कई केंद्रों पर जानकारी लेने पहुंचे। बताया गया कि टीकाकरण अभियान शुरू हुआ है, लेकिन टाइम स्लॉट क्यों नहीं मिल रहा है यह समझ से परे है।
लाइन में लगकर लगवाया टीका
कई केंद्रों पर 18 से 44 साल तक के युवाओं के साथ ही 45 साल से ऊपर वालों का टीकाकरण किया गया। केंद्रों पर लाइन लगी रही। महिला अस्पताल में दोपहर एक बजे ही टीकाकरण पूरा हो गया। पहले से तय 200 की संख्या पूरी हो गई थी। कई केंद्रों पर सुबह 9 बजे ही लोग लाइन में खड़े हो गए। महिला अस्पताल में धूप से बचने के लिए टेंट लगवाया गया। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए गोले भी बनवाए गए।