लाल बहादुर शास्त्री शिक्षण संस्थान (एलबीएस) ने शुक्रवार को जिला स्तरीय बालिका रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के लीग मैच में सिटी क्लब को 20–15 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में एलबीएस के खिलाड़ियों ने खेल शुरू होते ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में प्रियांशी सिंह और साक्षी राय ने दो शानदार ट्राई कर टीम को बढ़त दिलाई। सिटी क्लब की दीपा यादव, रिया और काजल चौहान ने दूसरे हाफ में मजबूत डिफेंस और स्क्रम के जरिये वापसी का प्रयास किया लेकिन एलबीएस की सृष्टि पाल और श्रेया पाल ने बेहतरीन पासिंग और टैकल के दम पर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। मैच समाप्त होने की लंबी सीटी बजते ही एलबीएस की टीम 20–15 से आगे थी। आयोजन सचिव डॉ. एके सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए आठ टीमों ने पंजीकरण कराया है। लीग की शीर्ष चार टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। इसमें दो जीत के साथ विकास इंटर कॉलेज की टीम चार अंकों के साथ शीर्ष पर है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से टॉप 12 खिलाड़ियों का चयन आगामी प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद खिलाड़ियों के लिए 15 दिवसीय शिविर लगाया जाएगा।