चुनार में आयोजित सभा को प्रियंका गांधी ने संबोधित किया।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गंगा के रास्ते निर्धारित 3:25 बजे से पांच घंटे विलंब मंगलवार को बालूघाट पहुंची। वहां पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने टेकौर बूढ़ेनाथ मंदिर के पास सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस सरकार से व्यापारी, किसान, गरीब सभी परेशान हैं। मौका आ रहा है, अपनी सरकार बनाइये ताकि समाज के हर वर्ग को राहत मिले।
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनाइए, तभी गरीबी दूर होगी। कांग्रेस के अलावा किसी अन्य दल की सरकारों ने गरीबों के उत्थान के लिए नहीं सोचा है। भाजपा की सरकार ने दो करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन वह पूरा नहीं किया। जब जब चुनाव आते हैं, ऐसे ही वादे कर नौजवानों को गुमराह करते हैं। नौजवानों को भी अब यह बात समझनी होगी कि वोट के लिए उनका इस्तेमाल किया जा रहा है।
वक्त है इन्हें जवाब देने का। सभा के बाद वह रात नौ बजे चुनार दुर्ग स्थित डाक बंगले पहुंचीं। इस अवसर पर सांसद प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष गिरीश त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता दयाशंकर पांडेय, पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद, मकसूद खान, इमरान खान, नगर अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, देवी प्रसाद त्रिपाठी, राकेश सोनकर, एसपी पाठक, डा.भावना सिंह, राजेश दिवेदी, आदि प्रमुख मौजूद रहे।