बढुआ गोदाम। गैंगस्टर एक्ट के मामले में जिला जेल में बंद पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी संजय सागर को शुक्रवार को कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। इस दौरान उसके समर्थकों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराने का दबाव पुलिस कर्मियों पर बनाया। जानकारी पर वहां पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। थाने में उनसे पूछताछ की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि मुख्तार अंसारी के सहयोगी और गैंगस्टर मामले में आरोपी संजय सागर की कोर्ट पेशी थी। कचहरी में उसके कई समर्थक पहुंच गए थे। समर्थक स्वास्थ्य खराब होने की बात कहकर संजय सागर को जिला अस्पताल में भर्ती कराने का दबाव बना रहे थे।