असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने कहा कि अपना खाकर समाज का काम करने वाले सदैव अच्छे इंसान होते हैं। ऐसे लोग समाज में प्रेरणास्रोत की भूमिका निभाते हैं। आज के परिवेश में अपनी विरासत को सहेज कर रखने की जरूरत है। विकास विरासत के बिना अधूरा है। मां मनसा देवी मंदिर सेवा न्यास की ओर से सेमरा पड़ाव स्थित जीत होम में आयोजित रामनगर की समृद्ध विरासत व विकास विषयक संगोष्ठी में में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि विरासत को केंद्र में रखकर किया गया विकास सिर्फ विकास ही नहीं होता है, बल्कि यह काफी लोगों के लिए रोजगार का सृजन करता है। अपनी विरासत व संस्कृति बचाकर किया गया। विकास पर्यटकों को आकर्षित करता हैं। रामनगर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए स्थानीय लोगों का आगे आना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि काशी और रामनगर प्राचीन काल से ही विद्वानों व महापुरुषों की भूमि रही हैं और इस धरोहर को सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी हैं। यहां की होने वाली रामलीला अद्भुत है। मां मनसा देवी मंदिर सेवा न्यास के अध्यक्ष ऋषभ चंद्र जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में रामनगर में सड़क, शिक्षा व उद्योग के क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है। उन्होंने यूनेस्को की सूची में रामलीला को मान्यता और भव्य बनाने तथा रामनगर किला के विकास और वाराणसी- रामनगर को जोड़ने वाले मार्गों के निर्माण पर जोर दिया। न्यास के कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से मां मनसा देवी मंदिर को आने वाले वर्षों में भव्य स्वरूप दिया जाएगा। स्वागत इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी, संचालन मधुकर पांडेय ने किया। इस मौके पर एसबी तिवारी, दिलीप पटेल, आशा गुप्ता, मुरारी लाल यादव, प्रदीप चौरसिया, रतन सिंह, पंकज अग्रवाल, आकाश दीप, राज श्रीवास्तव आदि रहे।