राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरी के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। सोनभद्र में सूचना देने के बाद भी गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं पहुंची। सही समय पर इलाज नहीं मिलने से चद्रावती (36) की मौत हो गई। घटना सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के बैरपुर गांव की है।
मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार की सुबह शिवशंकर की पत्नी चंद्रावती की तबीयत बिगड़ गई। घरवालों ने 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस की मांग की, लेकिन कई घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची।
संसाधन के अभाव में परिवार वाले महिला को अस्पताल नहीं ले जा सके और उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंच कर प्रभारी एसओ चिंतावन सिंह ने मृतका के घरवालों से मौत के बारे में पूछताछ की।
इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि चंद्रावती को लेने के लिए किन परिस्थितियों में एंबुलेंस नहीं पहुंची, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।