बीएचयू कैंपस, रोहनिया सहित कई जगहों पर टूटकर गिर गया पोल, तार
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। सोमवार शाम से लेकर मंगलवार शाम तक रुकरुक हुई तेज बारिश में शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था लड़खड़ा गई। बीएचयू कैंपस, रोहनिया, चौबेपुर आदि इलाकों में पेड़ की डाली बिजली के पोल, तार पर टूटकर गिर गई। स्थिति यह रही कि उपकेंद्रों पर रात भर फोन की घंटियां बजती रहीं और बिजली कर्मी फॉल्ट तलाशने में जुटे रहे। तार टूट कर गिरने की घटना से निपटने के लिए ही बिजली निगम की ओर से बरसात के पहले अभियान चलाकर पेड़ों की डालियों की छंटनी कराई जाती हैं, इसमें लाखों रुपये खर्च होते हैं, इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा है। पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश का असर आम जन जीवन पर देखने को मिला। तेज हवाओं और पानी के कारण शहरी, ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जैसे ही बारिश शुरू हुई कहीं तार जल गया तो कहीं ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग होने लगा। इस वजह से आपूर्ति बाधित रही। महेशपुर, लहरतारा, भिटारी से लेकर लंका, सुंदरपुर, चेतगंज, नदेसर आदि जगहों पर बिजली की आवाजाही बनी रही। भिटारी, लोहता की कई कॉलोनियों में पूरी रात बिजली नहीं रही। कई घरों में इन्वर्टर भी जवाब दे गए, जिससे स्थिति और खराब हो गई। चौबेपुर इलाके में फॉल्ट से उगापुर बिजली उपकेंद्र, गरथौली उपकेंद्र से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार आधी रात को पेड़ की डाली हाईटेंशन तार पर टूटकर गिर गई। मंगलवार सुबह बिजली कर्मी पहुंचे और तार को जोड़ने, पेड़ की डाली को हटवाया। कैथी फीडर के मोलनापुर गांव में हाईटेंशन का खंभा टेढ़ा होने से गांव में बिजली रात भर नहीं रही।
विज्ञापन
सारनाथ में फॉल्ट से चार घंटे बिजली कटी सारनाथ इलाके में पुरन पट्टी उपकेंद्र से सोमवार रात 11.30 बजे बिजली कट गई। लोगों ने उपकेंद्र पर फोन किया तो पता चला कि 33 केवी मेन सप्लाई में फाल्ट हो गया है। किसी तरह मंगलवार की भोर में 3.30 बजे बिजली आई तो लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ ग्रामीण संतोष कुमार ने बताया कि कई जगहों पर तार जर्जर हो गए हैं, इस वजह से लोड नहीं ले पा रहा है। उच्च अकारियों को पत्र लिखकर तारों को बदलवाने को कहा जाएगा। रोहनिया के दफ्फलपुर में सोमवार रात एंबुलेंस ने विद्युत पोल में टक्कर मार दी। इस वजह से बिजली गुल रही। हुकुलगंज में ट्रांसफार्मर में लगी आग हुकुलगंज तिराहे पर सांस्कृतिक संकुल के पास लगे ट्रांसफार्मर में मंगलवार दोपहर तेज धमाके के साथ आग लग गई। संयोग ठीक था कि ट्रांसफार्मर के नीचे खड़े लोग बाल-बाल बच गए।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया। सूचना के आधे घंटे बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। बाबतपुर (रघुनाथपुर) में बन रहे टनल के किनारे लगा विद्युत पोल और तार टूटकर गिर गया। इस वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। रामनगर में भी फाल्ट की वजह से बिजली गुल रही। लोहता बाजार की बिजली गुल रही।
तेज हवा के साथ बारिश की वजह से कई जगहों पर आपूर्ति प्रभावित रही। उपकेंद्रों पर सूचना मिलने के बाद तत्काल टीम को भेजकर उसको सही करवाया गया। फिलहाल दो-तीन दिन तक मौसम के ऐसे रहने की संभावना है। अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। - एके वर्मा, मुख्य अभियंता