वाराणसी। बीएचयू सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में मंगलवार सुबह डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही। इस वजह से डायलिसिस बंद करनी पड़ी। बिजली कटने के बाद जेनरेटर चलवाया गया, लेकिन डायलिसिस के लिए पर्याप्त लोड नहीं मिल सका। उधर, बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में भी इस दौरान बिजली नहीं रही। वहां भी जेनरेटर चलवाकर काम करवाना पड़ा। विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षकों के आवासों की बिजली भी गुल रही। करीब 10.30 बजे आपूर्ति बहाल हुई। आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने बताया कि एसएसबी में बिजली कटौती से डायलिसिस न होने सहित अन्य समस्याओं की जानकारी मिली। बिजली व्यवस्था से जुड़े लोगों को समाधान करवाने को कहा। एक्जीक्यूटिव इंजीनियर रुपेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार सुबह 9 बजे से शटडाउन की सूचना पिछले सप्ताह ही सेंट्रल ऑफिस, अस्पताल के एमएस, प्रभारी ट्रॉमा सेंटर को दी गई थी। पेड़ों की छंटाई के साथ ही अन्य जरूरी काम करवाए गए। ताकि बेहतर आपूर्ति में कोई परेशानी न हो।