बनारस के लोगों को बिजली कटौती का दंश अभी और झेलना होगा। यह परेशानी केवल समय से कार्य पूरा न होने के चलते हो रही है। भीषण गर्मी के बीच हो रही कटौती के चलते लोगों की परेशानियां अभी कुछ दिन और बनी रहेंगी।
तारों का मकड़जाल समाप्त करने के लिए इंटीग्रेटेड पॉवर डेवलपमेंट स्कीम (आईपीडीएस) के तहत पुराने शहर में अंडर ग्राउंड बिजली वायर बिछाने का काम किया जा रहा है।
इसमें 432 करोड़ से घाट के किनारे, आठ किमी लंबाई और दो किमी चौड़ाई में अंडर ग्राउंड बिजली के तारों के बिछाने की योजना है। इस योजना के तहत कार्य पूरा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च थी, लेकिन काम पूरा न होने की स्थिति में इसकी तिथि 15 दिन के लिए बढ़ाई गई थी।
लेकिन 15 अप्रैल तक भी काम पूरा नहीं हो पाया। अभी प्रतिदिन शहर के कई क्षेत्रों में शट डाउन लेकर बिजली के कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जिस गति से काम हो रहा है। इस गति से अप्रैल ही नहीं मई भी आधा बीत जाएगा, तब तक यह कार्य चलता रहेगा।
बिजली विभाग को जो कार्य फरवरी-मार्च में करना था वह अप्रैल और मई में किया जा रहा है। ऐसे में दोपहर के समय 40 डिग्री के तापमान के बीच प्रतिदिन दो से चार घंटे की होने वाली बिजली कटौती से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है।
बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता आरडी सिंह का कहना है कि आईपीडीएस के बिजली वायर को बिछाने का कार्य पूरा हो गया है। अब कनेक्शन देने का कार्य चल रहा है। एक दिन में 10-10 घंटे की कटौती संभव नहीं है। इसलिए दो-दो घंटे बिजली कटौती करके उन क्षेत्रों में लोगों को कनेक्शन देने का कार्य किया जा रहा है। अप्रैल के अंत तक इसी तरह की स्थिति रहने की आशंका है।