वाराणसी के प्रधान डाकघर कैंट में खाताधारकों के लगभग छह करोड़ रुपये गबन के मामले में फरार चल रहे रज्जीपुर (मंगलपुर) निवासी डाक सहायक सुनील कुमार यादव ने गुरुवार को पुलिस को चकमा देकर अदालत में समर्पण कर दिया। विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम पुष्कर उपाध्याय की अदालत ने आरोपी सुनील को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
डाक सहायक के पद पर कार्यरत सुनील कुमार यादव पर विभागीय अधिकारियों और एजेंटों की मिलीभगत से लगभग 360 निवेशकों के करीब छह करोड़ रुपये कूटरचित दस्तावेज तैयार कर गबन करने का आरोप है। सुनील को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने बीते साल दिसंबर में न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का आदेश दिया था।
न्यायालय में पेश न होने पर आरोपी सुनील के खिलाफ बीते मंगलवार को कैंट थाने में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन, वाराणसी के इंस्पेक्टर सुनील कुमार वर्मा ने मुकदमा दर्ज कराया था। अब सुनील की चल-अचल संपत्ति की कुर्की की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस को चकमा देकर उसने अदालत में समर्पण कर दिया। प्रकरण में पूछताछ के लिए पुलिस सुनील ाको जल्द ही कस्टडी रिमांड पर लेगी।