Varanasi News: वाराणसी जिले में फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कराने के आरोप में पोस्ट ऑफिस का बाबू गिरफ्तार किया गया। तहसील को प्राप्त प्रमाणपत्रों की जांच में सच्चाई सामने आई, जिसके बाद कार्रवाई की गई है।
फर्जी प्रमाणपत्र बनवाने के आरोपी प्रधान डाकघर के बाबू को कैंट पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से कई फर्जी प्रमाण पत्र बरामद हुए। पुलिस ने उसके करीबियों से भी पूछताछ की है।
विज्ञापन
कैंट इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पांडेयपुर के दौलतपुर निवासी दीपक प्रसाद है, जो प्रधान डाकघर नदेसर में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत है। मूलरूप से वह बलिया जनपद के मझौआ, थाना हल्दी का निवासी है।
तहसील को प्राप्त प्रमाणपत्रों की जांच में सामने आया कि दीपक प्रसाद ने जो प्रमाणपत्र तैयार किए थे वो फर्जी हैं। जन सेवा केंद्र से सेटिंग कर मोटा पैसा लेकर धड़ल्ले से प्रमाणपत्र जारी करता था।
अपर नगर मजिस्ट्रेट (फाइनेंस) के आदेश पर तहसील सदर के वरिष्ठ सहायक राजकुमार वर्मा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।