खर्च होंगे 13 करोड़ रुपये, नगर निगम कराएगा काम, सड़क भी बनेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। लंबे समय से बदहाल शहर के पांच तालाबों के दिन बहुरेंगे। अमृत योजना फेज दो के तहत नगर निगम इनका सुंदरीकरण कराएगा। विभाग ने पोंगलपुर, नेवादा, कंदवां, ऐढ़े और सुसुवाही तालाब के सुंदरीकरण की योजना बनाई है। इस पूरे काम को कराने में 13 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
नगर निगम के जायका (जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी) अनुभाग के तहत यह काम कराए जाएंगे। पहले चरण का काम पूरा होने के बाद दूसरे चरण में फिर से पांच तालाबों का चयन कर उन पर काम होगा। इसके तहत सबसेे पहले तालाबों का पानी निकाला जाएगा। इसके बाद ढाल और तलहटी बनाई जाएगी। सीढि़यां और चारों ओर पाथवे बनेगा। तालाबों के चारों ओर बाउंड्री वाल बनेगी। प्रकाश की व्यवस्था के साथ ही बैठने के लिए बेंच बनाए जाएंगे। तालाबों तक पहुंचने के लिए सड़क बनाई जाएगी।
अतिक्रमण मुक्त होंगे अन्य तालाब
शहर सीमा के अंदर स्थित सभी तालाब अतिक्रमण मुक्त होंगे। पुलिस बल के सहयोग से विभाग ने व्यापक योजना तैयार की है। नगर निगम के पांचों जोन बन जाने के बाद जोन वार टीम गठित कर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू होगा।
वर्जन
अमृत योजना फेज दो के तहत पांच तालाबों के सुंदरीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा। इसके अलावा अन्य तालाबों को भी जल्द अतिक्रमण मुक्त करने की योजना है। - शिपू गिरि, नगर आयुक्त वाराणसी