रमजान, होलिका दहन और होली के मद्देनजर मंगलवार को कमिश्नरेट की पुलिस ने जिले भर में रूट मार्च और पैदल गश्त की। पुलिस की ओर से आमजन से अपील की गई कि त्योहार आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई अफवाह फैलाए तो उसके बारे में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून व्यवस्था) डॉ. एस चनप्पा ने गोदौलिया, दशाश्वमेध, चौक और बुलानाला इलाके में फोर्स के साथ पैदल गश्त की। एसीपी सारनाथ डाॅ. अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने चौबेपुर, सारनाथ और चोलापुर थाना क्षेत्र के कस्बों और गांवों में रूट मार्च किया। डीसीपी गोमती प्रमोद कुमार, डीसीपी वरुणा चंद्रकांत मीना और डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने अपने-अपने जोन के थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उधर, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। आमजन से अपील है कि ऐसा कोई काम न करें कि पुलिस को कानूनी कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़े।