इसके बाद वे मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरेंगे। इसके बाद उनकी रेटिना और फिंगरप्रिंट स्कैन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को यह निर्देश पहले ही दे दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश सिर्फ ब्लैक या ब्लू बॉल पॉइंट पेन, प्रवेश पत्र और आधार कार्ड के साथ ही मिलेगा। अन्य कुछ भी अभ्यर्थी अपने साथ केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे। परीक्षा के दृष्टिगत शुक्रवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में ब्रीफिंग कर दी गई है। इसमें 3000 से ज्यादा शिक्षकों को तैनात किया गया है। इनके अलावा केंद्र के अनुसार 50 सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं।
कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम पहुंचे सिपाही भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र, एसटीएफ-पुलिस सक्रिय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संबंधित जिलों के स्ट्रांग रूम में पहुंचा दिए गए हैं।
प्रश्नपत्रों के परिवहन और भंडारण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी नामित नोडल अधिकारियों की देखरेख में की जा रही है। वहीं, परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए एसटीएफ, साइबर सेल और जिला पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी।
परीक्षा के लिए विशेष ट्रेन चलाएगा रेलवे
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए रेलवे की ओर से विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। कैंट रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनें खाली खड़ी रहेंगी। इमरजेंसी में जरूरत पड़ने पर इन ट्रेनों को भी अभ्यर्थियों के लिए चलाया जाएगा। इसके अलावा कैंट स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर प्लेटफॉर्म और ट्रेनों तक आरपीएफ की टीम लगातार गश्त करती रहेगी।
आठ से 10 जून तक चलने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा में 1,32,192 अभ्यर्थियों ने वाराणसी में परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। भीड़ को देखते हुए कैंट स्टेशन पर दिनभर तैयारियां चलती रहीं। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि दो ट्रेनों को पूरी तरह खाली रखा गया है। यदि भीड़ नियंत्रण के लिहाज से इन्हें चलाने की जरूरत पड़ी तो इन्हें संचालित किया जाएगा।